चोला क्षेत्र में शोरूम संचालक से मारपीट कर लूट

सुरेंद्र सिंह भाटी@बुलंदशहर ककोड़ चोला बाईक से गांव लौट रहे शोरूम संचालक से चोला फ्लाईओवर के नीचे हथियार बंद तीन बदमाश मारपीट कर बीस हजार की नकदी समेत बाईक व आभूषण लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


चोला के गांव नंगला वंशी निवासी लोकेश कुमार पुत्र अमीपाल सिंह की तहरीर पर दर्ज मुकदमें मे बताया गया है कि ककोड़ में उसका इलैक्ट्रोनिक्स समेत अन्य सामानों का शोरूम है। सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह शोरूम बंद करके बाईक से गांव लौट रहा था। जैसे ही बाईक चोला फ्लाईओवर के नीचे पहुंची।

तभी हथियारबंद तीन बदमाशों ने बाईक रोककर लाठीडंडे से हमला कर दिया। बदमाश तमंचा कनपटी पर सटाकर पुल के नीचे ले जाकर लूटपाट करने लगे। बदमाश जेब में रखी बीस हजार की नकदी,चैन, अंगूठी, मोबाईल व बाईक लूटकर शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देकर फरार हो गए। बदमाश लूटी वाईक बाग के किनारे छोड़ गए। लूट की सूचना से पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी सुरेन्द्रनाथ तिवारी, सीओ नम्रता श्रीवास्तव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल पीड़ित को मैडीकल उपचार हेतु भेजा गया। थाना प्रभारी योगेन्द्रसिंह ने बताया कि शीघ्र ही घटना का खुलासा कर बदमाशों को पकड़ा जाएगा।

अंगूठी न उतरने पर दी बलकटी से काटने की धमकी
लूट के शिकार शोरूम संचालक लोकेश कुमार ने बताया कि उसके हाथ में पहनी अंगूठी न उतरने पर एक वदमाश ने उंगली बलकटी से काटने की धमकी दी।