महिला सब इंस्पेक्टर से प्लॉट के नाम पर 30 लाख रुपए ठगे

IN8@गुरुग्राम….बिना जांच पड़ताल किए भोंडसी में प्लॉट खरीदा एक महिला सब इंस्पेक्टर को भारी पड़ गया। प्रोपर्टी डीलर ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला सब इंस्पेक्टर से ही 30 लाख रुपए ठग लिए। महिला सब इंस्पेक्टर ने भोंडसी थाना पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराया है। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एनआईटी फरीदाबाद निवासी महिला सब इंस्पेक्टर वीना शर्मा ने बताया कि उसकी पंचकूला में पोस्टिंग है। उन्होंने भोंडसी के नजदीक 150 गज का प्लॉट खरीदने के लिए प्रॉपर्टी डीलर राजीव राठौर के माध्यम से बबीता नाम की महिला से इकरार किया था। डीलर ने बताया था कि यह प्लॉट श्यामबीर का है, जिसकी रजिस्ट्री उसकी भाभी बबीता के नाम पर है। 30 लाख रुपए में सौदा तय होने के बाद उसने 29 मई 2020 को इकरार करते हुए एक लाख रुपए बयाना दे दिया।

इसके बाद 29 मई 2020 को 6.50 लाख रुपए बबीता के बैंक खाते में आरटीजीएस किए जबकि शेष राशि 22.50 लाख रुपए नकद श्यामबीर व राजीव राठौर ने लिए। रुपए लेने के बाद उन्होंने प्लॉट की रजिस्ट्री करा दी जिसमें एक गवाह श्यामबीर था, जबकि दूसरा गवाह राजेश खुद बना था। आरोप है कि रजिस्ट्री होने के बाद भी उन्होंने प्लॉट पर कब्जा नहीं दिया। कई बार कहने के बाद 7 मई 2021 को वह राजीव राठौर के पास पहुंच गई और प्लॉट पर कब्जा दिलाने की बात कही। आरोप है कि इस पर राजीव ने कब्जा दिलाने से इंकार कर दिया और उसके साथ ठगी किए जाने की बात कही। उन्होंने बताया कि यह प्लॉट वह पहले भी कई बार बेच चुके हैं।