अशोक तंवर के बाद कुमारी शैलजा भी 1 वर्ष में नहीं कर पाई संगठन का विस्तार

आस मोहम्मद@नूंह,मेवात… कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा को कांग्रेस का ताज पहने एक वर्ष हो गया है। लेकिन आज भी प्रदेश में कांग्रेश के कार्यकर्ता पदों के लिए टुकटुकी लगाए बैठे हैं। प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा जहां भी प्रदेश में किसी कार्यक्रम में जाती है ,वहीं पर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में सिर्फ इतना ही कह पाती है कि जल्द ही प्रदेश के सभी जिलों में जिला अध्यक्ष व ब्लॉक अध्यक्ष पदों पर कार्यकर्ताओं की नियुक्ति कर दी जाएगी। लेकिन पिछले एक साल से सभी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में जिला अध्यक्ष व ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर बेचैनी साफ देखने को मिल रही है।

आपको बता दें कि लगभग दो माह पहले कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव राजन राव मेवात में उनके प्रतिनिधि बनकर कांग्रेश के नेताओं की नब्ज टटोलने आए थे। इतना ही नहीं उन्होंने बड़े ही शान और शौकत से मेवात में एंट्री मारी थी। जिसको लेकर मेवात के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में ही नहीं बल्कि भाजपा नेताओं में भी काफी चर्चा रही थी। चर्चा का विषय यह था कि राजन राव अपनी सुरक्षा में लगे लगभग एक दर्जन कमांडो को लेकर मेवात में पहुंचे थे। जिसको देखकर लोगों में उनकी सुरक्षा को लेकर चर्चा का विषय बन गया। युवा कार्यकर्ताओं में राजन राव की मीटिंग में काफी जोश और खरोश देखने को मिला और राजन राव ने सभी कार्यकर्ताओं से जहां एक साथ उनकी राय जानी तो वहीं उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अलग-अलग जिला अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष पदों के लिए काम कर रहे नेताओं की जानकारी भी ली।

जब पत्रकारों ने राजन राव से पूछा तो उन्होंने भी यही कहा कि जल्द ही वह दक्षिण हरियाणा के जिलों में अपनी रिपोर्ट तैयार कर कांग्रेसी अध्यक्षा कुमारी शैलजा को सौंप देंगे और जल्द ही इन पदों पर नियुक्तियां कर दी जाएंगी। इतना ही नहीं अभी हाल ही में कुछ दिनों पहले विरोध प्रदर्शन में मेवात के नूंह में पहुंची कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्षषा कुमारी शैलजा ने पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि मेवात ही नहीं बल्कि पूरे जिले में मेहनती कार्यकर्ताओं को इन पदों पर बैठाया जाएगा। जो पिछले काफी समय से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। उन्हें जिला अध्यक्ष व ब्लॉक अध्यक्ष जैसे पदों पर नियुक्तियां देकर सम्मानित किया जाएगा और कांग्रेश के संगठन को मजबूत किया जाएगा। लेकिन आपको बता दें कि आज 1 वर्ष बाद भी कुमारी शैलजा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर की राह पर चलती हुई दिखाई दे रही है।

जिस तरह कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने कार्यकर्ताओं को लगातार अपने दो बार के कार्यकाल में आश्वासन देते नजर आए, वहीं अब कुमारी शैलजा भी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पिछले 1 साल से भरोसा ही देती आ रही है। लेकिन अभी तक प्रदेश भर में कांग्रेस के संगठन को लेकर किसी को कोई पद नहीं दिया गया है। जिससे कांग्रेश के कार्यकर्ताओं में मायूसी देखने को मिल रही है। आपको बता दें कि जहां प्रदेश की भाजपा, जजपा व अन्य पार्टियां अपने संगठन को मजबूत कर कार्यकर्ताओं को उनकी मेहनत के आधार पर फल देने का काम कर रही हैं, वहीं कांग्रेस पार्टी इस मामले में पिछले कई सालों से फिसड्डी साबित हो रही है। इस बात को लेकर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में लगातार चर्चा बनी रहती है कि उनकी पार्टी में आखिरकार संगठन पर किस तरह नियुक्तियां की जाएंगी ।

आज इतने वर्ष बीत जाने के बाद भी कांग्रेस पार्टी बिना किसी संगठन के कार्यकर्ताओं को जोड़ने में कामयाब हो रही है तो जब पार्टी के कार्यकर्ताओं को पद से नवाजा जाएगा तो वह और भी ज्यादा मजबूती से काम करेंगे। लेकिन आज कांग्रेश के कार्यकर्ता इन मिलने वाले पदों पर टकटकी लगाकर नजरें दौड़ाए हुए हैं। अब देखना यह होगा कि कांग्रेश की प्रदेश अध्यक्षा कब कार्यकर्ताओं पर मेहरबान होकर संगठन का विस्तार करती हैं। हद तो तब हो जाती है जहां भाजपा ने अपने जिला स्तर पर विशाल कार्यालय खोलकर कार्यकर्ताओं को बैठने की एक जगह मुहैया कराई है वहीं आज कांग्रेश पर कई जिलों में अपना कार्यालय भी नहीं है। मेवात भी इससे अछूता नहीं है। आज मेवात में कांग्रेस का कोई कार्यालय नहीं है । जहां पर कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर एक साथ बैठ सके।