उत्तर पूर्वी दिल्ली के करावल नगर में घर पर फायरिंग और पथराव, 15 हमलावर सीसीटीवी में कैद

प्रमोद शर्मा @ नई दिल्ली: उत्तर पूर्वी दिल्ली के करावल नगर में सबक सिखाने के लिए कुछ लोगों ने एक घर पर फायरिंग और पथराव कर दिया। पीड़ित परिवार ने भी आरोपियों पर छत से गमले फेंके।

गनीमत रही कि इस दौरान कोई घायल नहीं हुआ। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में लिया है, बाकी की तलाश जारी है।बुधवार रात करीब 9 बजे पुलिस को करावल नगर के जौहरीपुर में फायरिंग की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां सोनू मिले। सोनू ने बताया कि वह घर पर थे, तभी कुछ लोग उनके घर का दरवाजा खटखटाने लगे।

उन्होंने दरवाजा नहीं खोला तो गली से उनके घर पर पथराव और फायरिंग कर दी। थोड़ी देर बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। उनका चचेरा भाई कालू अंबेडकर कॉलोनी में रहता है। उसकी इलाके में रहने वाले कुछ युवकों से रंजिश चल रही है। सोनू इस रंजिश में कालू की तरफ से उन युवकों के खिलाफ आए। ऐसे में उन युवकों ने उन्हें सबक सिखाने की धमकी दी थी। इसके बाद बुधवार रात साथियों के साथ हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने कारतूस के खाली खोल भी बरामद किए।

15 हमलावर सीसीटीवी में कैद

सीसीटीवी फुटेज में करीब 10 से 15 हमलावर कैद नजर आ रहे हैं। इसमें से कुछ पथराव कर रहे हैं और एक शख्स ताबड़तोड़ फायरिंग कर रहा है। वहीं सोनू के घर की छत से गमले फेंके जा रहे हैं। इसे देख हमलावर धीरे-धीरे पीछे चले जा रहे हैं। इसके बाद वहां से फरार हो जाते हैं। फुटेज में अधिकांश हमलावर के चेहरे नजर आ रहे हैं। पुलिस की टीम उनकी पहचान कर धर पकड़ में जुटी है।