किसानों को मिल रहा है उनकी फसल का मुनासिब दाम- सुधीर त्यागी


सुरेन्द्र सिंह भाटी@ककोड़ गौरीशंकर। बारिश के बाद हुए नुकसान के बाद किसानों को धान की फसल का उचित मूल्य मिल रहा है। किसान कल्याण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुधीर त्यागी ने शनिवार को ककोड़ व रबूपुरा मंडी पहुंचकर किसानों और व्यापारियों से बातचीत की। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बीते दिनों क्षेत्र में खेतों पर घूमकर नुकसान की जानकारी लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कृषि मंत्री नरेन्द्र तौमर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दी।

मंडी पहुंचने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किसानों को बताया कि सामान्य धान का मूल्य 1940 रूपये तथा 72 रूपये एमएसपी पर बढोत्तरी मिल रही है। जो कि लागत मूल्य का 50 प्रतिशत अधिक है। वहीं धान ग्रेड ए का मूल्य 1960 रूपये, बढोत्तरी 72 रूपये के साथ 52 प्रतिशत लागत मूल्य अधिक है। बाजरे का 2250 रूपये जिसपर 85 रूपये बढ़ोतरी तथा 85 प्रतिशत लागत मूल्य मिल रहा है। सरकार की तरफ से किसानों की फसलों का उचित मूल्य दिया जा रहा है। फसलों के दाम एम एस पी से अधिक मिल रहे हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मंडी परिसर में किसानों की समस्याओं को सुना। किसानों द्वारा बताया गया कि उन्हें धान का उचित मूल्य मिल रहा है।भारी बारिश से हुए नुकसान के बारे में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि सरकार को रिपोर्ट भेज दी गई हैं। सरकार का पूरा ध्यान किसानों की तरफ है। नुकसान की भरपाई की जानकारी उन्हें दी जाएगी।