चंद्रयान की सेफ लैंडिंग के बाद सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रहे खेलमंत्री चांदना

जयपुर, । चंद्रयान-3 की चांद पर लैंडिंग हो गई। इसको लेकर राजस्थान समेत देशभर में पूजा-अर्चना और दुआओं का दौर रहा। हालांकि जब जयपुर में चंद्रयान-3 की लैंडिंग को लेकर खेल मंत्री अशोक चांदना से पूछा गया तो उन्होंने अजीबो-गरीब बयान दिया। उन्होंने कहा कि हम कामयाब हुए और सेफ लैंडिंग हुई, जो यात्री गए हैं हमारे, उनको सलाम करता हूं।

इसके बाद से वे सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किए जा रहे हैं।खेल मंत्री अशोक चांदना बुधवार को एसएमएस स्टेडियम में खेलो इंडिया सेंटर का उद्घाटन करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि हमारा देश साइंस और स्पेस रिसर्च में एक कदम और आगे बढ़ा। उसकी सभी देशवासियों को बधाई देता हूं।

गौरतलब है कि चंद्रयान-3 पर कोई भी एस्ट्रोनॉट ( अंतरिक्ष यात्री) नहीं है। ऐसे में राजस्थान के खेल मंत्री अशोक चांदना का सोशल मीडिया पर यूजर मजाक बना रहे हैं। हालांकि खेल मंत्री अशोक चांदना के इस बयान के बाद जब उनसे उनका पक्ष जानने की कोशिश की तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। हालांकि सोशल मीडिया पर चांदना ने भी चंद्रयान के सफल होने की प्रार्थना की है।