पापुआ न्यू गिनी पहुंचे भारत के दो जहाजों की प्रधानमंत्री मारापे ने की मेजबानी

. विशाखापत्तनम और त्रिकंद ने ओमान की रॉयल नेवी के साथ किया समुद्री अभ्यास

. भारतीय नौसेना बैंड ने एवेन्यूज़ मॉल में मधुर धुनों से स्थानीय लोगों को किया मंत्रमुग्ध

नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)। भारतीय नौसेना के चार जहाज इस समय विदेशी मिशन पर हैं। पूर्वी हिंद महासागर में तैनात भारत के जहाज आईएनएस सह्याद्री और आईएनएस कोलकाता पापुआ न्यू गिनी (पीएनजी) में पोर्ट मोरेस्बी पहुंचे। प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने भारतीय राजदूत इनबासेकर सुदामूर्ति के साथ जहाज का स्वागत करके मेजबानी की। इसी तरह ओमान की यात्रा पर गए आईएनएस विशाखापत्तनम और आईएनएस त्रिकंद रॉयल नेवी के साथ समुद्री अभ्यास किया। नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने डुकम बंदरगाह का दौरा किया।

भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस कोलकाता और आईएनएस सह्याद्रि पापुआ न्यू गिनी (पीएनजी) पहुंच गए हैं। यहां पीएनजी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने कैबिनेट सदस्यों और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ जहाजों का स्वागत किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मारापे ने 23 मई को पीएनजी का दौरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने भारत-पीएनजी संबंधों को मजबूत करने में उनके शानदार प्रयासों पर प्रकाश डाला। अधिक रक्षा सहयोग की आवश्यकता पर प्रधानमंत्री मरापे ने भारतीय नौसेना के जहाजों की यात्राओं को प्रोत्साहित किया, जो लोगों को लोगों से जुड़ने में मदद करेगा।

एक मनोरम सांस्कृतिक कार्यक्रम और भारतीय व्यंजनों का मनमोहक चयन नौसेना के स्वागत समारोह का हिस्सा बना, जिसमें भारतीय उच्चायोग के सदस्यों और भारतीय प्रवासियों ने भी भाग लिया। भारतीय राजदूत इनबासेकर सुदामूर्ति ने कहा कि भारतीय नौसेना ऐसे बंदरगाह दौरों के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण सागर (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास) को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें व्यावसायिक बातचीत और सामाजिक कार्यक्रमों के अलावा आने वाले जहाजों द्वारा कई क्षमता निर्माण गतिविधियां भी की जाती हैं।

इसी तरह ओमान की यात्रा पर गए भारत के जहाज आईएनएस विशाखापत्तनम और आईएनएस त्रिकंद डुकम बंदरगाह पहुंचे। यात्रा के दौरान ओमान की रॉयल नेवी के साथ सहयोग बढ़ाने, संबंधों को मजबूत करने और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने के उद्देश्य से पेशेवर बातचीत की गई। भारतीय नौसेना बैंड ने एवेन्यूज़ मॉल, बोशार में मधुर धुनों से स्थानीय लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ओमान की रॉयल नेवी के कर्मियों के साथ खेल और सांस्कृतिक बातचीत भी आयोजित की गई। स्कूली बच्चों ने आईएनएस विशाखापत्तनम का दौरा किया।

भारतीय जहाजों को देखकर बच्चे खुश हुए और उन्हें जहाज के चारों ओर ले जाया गया। बच्चों को स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित युद्धपोत की क्षमताओं के बारे में जानकारी दी गई। ओमान की यात्रा के दौरान नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने डुकम बंदरगाह का दौरा किया, जहां उन्होंने समुद्री डकैती रोधी गश्त के लिए तैनात मिशन आईएनएस त्रिकंद के चालक दल के साथ बातचीत की। उन्हें डुक्म बंदरगाह का अवलोकन भी कराया गया और बंदरगाह में जहाजों के ठहरने के लिए उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं के साथ-साथ जहाज की मरम्मत और रखरखाव सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई।