सिद्धू मूसे वाला के घर पहुंचे मुख्यमंत्री भगवंत मान, पुलिस के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन

मानसा।पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गायक सिद्धू मूसे वाला के परिवार से मनसा स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बता दें कि  मान के मूसा गांव के दौरे से पहले भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात कर ग्रामीणों को कथित तौर पर गांव में घुसने से रोके जाने को लेकर लोगों ने शुक्रवार को मानसा में पंजाब पुलिस के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया।

हालांकि, पुलिस ने बात से साफ इनकार करते हुए कहा कि किसी को भी गांव में घुसने से नहीं रोका गया है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के घर जाकर उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने पहुंचे है। मान के दौरे से पहले मूसेवाला के घर पहुंचे सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक गुरप्रीत सिंह को भी विरोध का सामना करना पड़ा था। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारे भी लगाए।

एक ग्रामीण ने दावा किया, हमारे वाहनों को गांव में प्रवेश करने से रोका जा रहा है। हमारे रिश्तेदारों के वाहनों को प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। हालांकि, स्थिति को शांत करने के लिए प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। गायक के निधन पर शोक जताने के लिए बृहस्पतिवार को पंजाब के मंत्री हरपाल सिंह चीमा और कुलदीप सिंह धालीवाल ने मानसा में मूसेवाला के परिवार से मुलाकात की थी।

पंजाब के मानसा में बीती 29 मई को अज्ञात हमलावरों ने सिद्धू मूसेवाला (28) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। राज्य सरकार द्वारा मूसेवाला की सुरक्षा घटाए जाने के एक दिन बाद यह घटना हुई थी। मूसेवाला के साथ महिंद्रा थार जीप में यात्रा कर रहे उनके चचेरे भाई और एक दोस्त भी हमले में घायल हो गए थे।