हाथरस से दिल्ली तक गुस्सा : हाथरस के डीएम और एसपी सस्पेंड

हाथरस: हाथरस गैंगरेप केस में दिल्ली से लेकर पीड़ित लड़की के गांव तक हंगामा और राजनीति जारी है। हाथरस डीएम प्रवीण कुमार, एसपी विक्रांत वीर और एक इंस्पेक्टर को सस्पेंड किया गया है। और इस केस से जुड़े सभी पुलिसकर्मियों और पीड़ित परिवार का नार्को टेस्ट होगा। इनमें एसपी और डीएसपी भी शामिल हैं। इससे पहले, दिल्ली के वाल्मीकि मंदिर में पीड़ित के लिए एक प्रार्थना सभा की गई।

इसमें कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस मौके पर प्रियंका ने कहा, ‘दुख की घड़ी में पीड़ित का परिवार अकेला है। हमारी बहन के साथ न्याय होना चाहिए। हमें अन्याय के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई तेज करनी होगी। मैं प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए यहां आई हूं।’

इस बीच, इस घटना के विरोध में जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन किया गया। यहां दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि दोषियों को जल्द फांसी हो। इस मुद्दे पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। यूपी, मध्य प्रदेश, राजस्थान, मुंबई या दिल्ली में ऐसी घटना क्यों होनी चाहिए? देश में रेप की घटनाएं नहीं होनी चाहिए।