अटल विहार में विवाहिता की संदिग्ध मौत

  • परिजनों ने ससुरालियों पर लगाया जहर देकर हत्या का आरोप
  • पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, पति गिरफ्तार, अन्य फरार

दीपक वर्मा@शामली। शहर के ब्लाक रोड अटल विहार कालोनी में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। परिजनों ने ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य आरोपी अभी फरार है।
जानकारी के अनुसार जनपद मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र के गांव बरूकी निवासी सुरेन्द्र गिरी ने अपनी पुत्री प्रियंका की शादी तीन साल पहले अवतार गिरी पुत्र सुरेश गिरी निवासी हरिनगर जिला पानीपत हरियाणा के साथ की थी। शनिवार को सुरेन्द्र गिरी को सूचना मिली कि उसकी पुत्री की हालत ज्यादा खराब है। सूचना पर वह मौके पर पहुंच जहां उसकी पुत्री उसे मृत अवस्था में पडी मिली जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा मामले की जानकारी ली। मृतका के पिता सुरेन्द्र गिरी ने बताया कि उसने तीन साल पूर्व अपनी पुत्री की शादी अवतार गिरी निवासी हरिनगर जिला पानीपत हरियाणा के साथ की थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही अवतार व उसके परिजन उसकी पुत्री को दहेज के लिए प्रताडित करने लगे थे। कई बार ससुरालियों को समझाया भी गया लेकिन इसके बावजूद भी ससुरालिये पुत्री को परेशान कर रहे थे। पीडित ने बताया कि पिछले तीन महीने से अवतार शामली में ब्लाक रोड स्थित अटल विहार में रह रहे थे लेकिन यहां भी अवतार, सुरेश गिरी, भाई दीपक गिरी, बहनोई जयवीर गिरी द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रियंका का उत्पीडन कर रहे थे। शनिवार को भी उसकी पुत्री के साथ मारपीट कर उसे जहर खिला दिया गया। मकान मालिक और पुलिस ने उन्हें मामले की जानकारी दी जिसके बाद वे नर्सिंग होम पहुंचे जहां उसकी पुत्री मृत अवस्था में मिली। सुरेन्द्र गिरी ने पति अवतार गिरी, सुरेश गिरी, भाई दीपक गिरी, बहनोई जयवीर गिरी के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए पति अवतार गिरी को हिरासत में ले लिया है जबकि अन्य फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। दूसरी ओर प्रियंका की मौत से परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।