बदनामी के डर से बाप ने दो बेटियों को किया आग के हवाले

-दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर

प्रमोद शर्मा@ गाजियाबाद। लोनी के चिरोडी गांव में रविवार को एक व्यक्ति ने अपने पूरे परिवार को घर में बंद करके आग लगा दी। घटना में एक बच्ची की मौत हो गई है, जबकि बाकी चार परिजनों को इलाज के लिए दिल्ली स्थित जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया गया कि व्यक्ति ने अपनी दो बेटियों और दो नातियों को जान से मारने की नियत से घर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। इसके बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर आग लगने की सूचना दी। चिरोड़ी गांव में आरोपी सलीम पत्नी फरीदा, बेटे रफीक और बेटी रोशनी के साथ रहता है, जो कि फल विक्रेता है।

पुलिस के अनुसार सलीम की दो बेटियों साइना और ताहिरा की शादी अलीगढ़ में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों लड़की अपने-अपने पतियों के साथ लोनी आकर रहने लगी थी। करीब दो साल पहले साइना और ताहिरा को लोनी छोड़कर अलीगढ़ चले गए थे। साइना के चार बच्चे हैं अमन, आलिया, अक्षा और आरिफ वहीं ताहिरा के तीन बच्चे सोनम, अयान और असद है। सलीम ने बताया कि शादी के बाद से दोनों बेटियां अपने ससुराल नहीं जा रही थीं। दोनों ही लोनी में रह रही थीं। आरोप है कि दोनों ही गलत काम में पड़ गई थीं। सलीम ने समझाने का प्रयास किया था लेकिन वे नहीं मानती थीं। रमजान के पहले दिन दोनों बेटियां बिना बताए कहीं चली गई थीं और बच्चे घर में ही थे। इसके बाद शनिवार रात दोनों बहनें घर आ गईं।

सलीम को उनकी बेटियों का बर्ताव अच्छा नहीं लगा। रविवार सुबह सलीम की पत्नी फरीदा, असद, आरिफ और अमन अपने दूसरे मकान में गई थी। घर में ताहिरा, साइना, सोनम और अक्षय मौजूद थे। सभी को जान से मारने की नियत से सलीम ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और बाहर से कुंडी बंद कर दी। इस दौरान आसपास के लोग एकत्रित हो गए। सलीम ने खुद पुलिस को सूचना देकर मामले से अवगत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। एसपी देहात नीरज सिंह जादौन ने बताया कि सलीम के बेटे ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।