केन्द्रीय मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और जगत कल्याण के लिए किया यज्ञ

विनोद पांडेय@ गाजियाबाद। कोरोना वैश्विक महामारी को लेकर संपूर्ण विश्व जूझ रहा है। सभी लोग कोरोना को हराने में लॉकडाउन का पालन करते हुए अपनी-अपनी भूमिका बखूबी निभा रहे हैं। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर मंगलवार को रामप्रस्थ कॉलोनी में पूर्व पार्षद प्रत्याशी ठाकुर संजय सिंह के नेतृत्व में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और जगत कल्याण के लिए कोविड-19 को पराजित करने और सभी के उत्तम स्वास्थ हेतु यज्ञ कराया गया।

यज्ञ में आहूति देकर ईश्वर से कोविड-19 का समूल नाश करने की कामना की गई। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना होगा। घर से बाहर निकलते समय मुंह पर मास्क और 2 गज की दूरी के नियम का पालन करना बेहद जरूरी है।

सामूहिक संघर्ष से कोरोना को मात दी जा सकती है। पूर्व पार्षद प्रत्याशी ठाकुर संजय सिंह ने बताया कि यज्ञ चिकित्सा के पर किए गए शोध के आधार पर पाया गया कि यज्ञ से संक्रमण फैलाने वाले जीवाणु नष्ट होते हैं। साथ ही वायुमंडल का परिशोधन होता है। विश्व व्यापी कोरोना सकंट के निवारण और सूक्षम जगत में छाई विषमताओं को समाप्त करना जरूरी हो गया है। इसके अलावा विश्व कल्याण की कामना के उद्देश्य से साधकों द्वारा यज्ञ हवन में आहुतियां सर्मपित की गई। इस मौके पर भाजपा के महानगराध्यक्ष संजीव शर्मा, पार्षद पप्पू पहलवान, ऋषि चंडोक आदि मौजूद रहे।