नि:शुल्क दिव्यांग सेवा शिविर का किया आयोजन

सुरेन्द्र सिंह भाटी@बुलंदशहर जनपद के दिव्यांगजनों के जीवन में गुणात्मक सुधार एवं सहायता के लिए सेंट आरजे पब्लिक स्कूल, बुलन्दशहर एवं कल्याणं करोति, मथुरा संस्था के संयुक्त तत्त्वाधान में पं0 दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय शारीरिक दिव्यांगजन संस्थान, नई दिल्ली के अथक प्रयासों से सेंट आरजे पब्लिक स्कूल के प्रांगण में निःशुल्क दिव्यांग सेवा शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह द्वारा द्वीप प्रज्जवलित करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सेंट आरजे पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा मातृ वन्दना एवं स्वागत गान का गायन किया गया। बताया गया कि आज कार्यक्रम में 80 दिव्यांगजनों को आवश्यकतानुसार ट्राई साईकिल, व्हील चेयर, बैशाखी आदि उपकरण वितरित किये जायेंगे।


जिलाधिकारी द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें दिव्यांगजनों के जीवन में गुणात्मक सुधार एवं सहायता के लिए अपना सहयोग देना चाहिए। आज सेंट आरजे पब्लिक स्कूल एवं कल्याणं करोति संस्था द्वारा दिव्यांग भाई-बहनों की सहायता के लिए किये गये इस सराहनीय कार्य के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि कल्याणं करोति संस्था द्वारा वर्षाे से दिव्यांगजनों के जीवन को बेहतर बनाने, सहायता एवं उपचार के लिए सराहनीय कार्य किया जा रहा है |

इसके लिए वह बधाई के पात्र हैं। जीवन में स्वयं के साथ-साथ दूसरें लोगों का भी ध्यान रखना हमारा कर्त्तव्य है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग भाई-बहनें भी जागरूक होकर सरकार से प्राप्त होने वाली सहायता के साथ-साथ निजी संस्थाओं द्वारा की जाने वाली सहायता का लाभ उठायें।

साथ ही प्राप्त होने वाले उपकरणों का अच्छी प्रकार से ख्याल रखकर उनका उपयोग करें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह, डीआईजी/एसएसपी संतोष कुमार सिंह सहित स्कूल के प्रबन्धक एवं संस्था के प्रतिनिधि द्वारा दिव्यांगों को ट्राइसाईकिल, व्हील चेयर, बैशाखी, कृत्रिम अंग आदि उपकरण प्रदान किये गये।