पुलिस पर लगाया हत्यारोपियों से सांठगांठ का आरोप

Spread the love


सुरेन्द्र सिंह भाटी@बुलन्दशहर ककोड़ कोतवाली के गांव हसनपुर बकसुआ मे एक माह पूर्व अधेड़ की हत्या कर शव पेड़ से लटकाए जाने के मामले में कोतवाली पुलिस द्वारा नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर मृतक के पुत्र ने पुलिस पर आरोपियों से सांठगांठ करने का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल की है।वायरल वीडियो में दो हत्यारोपियों को हिरासत में लेने के बाद छोड़ने का आरोप लगाया गया है।

हसनपुर बकसुआ गांव में 3 मई को दो पक्षों के विवाद मे 4 मई को एक पक्ष के एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक के पुत्र ने दूसरे पक्ष के सात लोगों के खिलाफ हत्या कर शव पेड़ से लटकाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया।गांव निवासी गौरव सिंह भाटी पुत्र मदन सिंह ने कोतवाली में दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि 4 मई सुबह चार बजे उसके पिता मदन सिंह (48 वर्ष) जंगल में टहलने के लिए गए थे।

छह बजे उनका शव पेड़ से लटका मिला। बताया कि 3 मई को दूसरे पक्ष से उनका विवाद हुआ था। जिससे उनकी हत्या की गई।पुलिस ने सत्यवीर पुत्र खचेड़ू सिंह, आकाश पुत्र जगपाल, योगेन्द्र पुत्र प्रमोद, कपिल पुत्र देवराज सिंह, सोनू पुत्र सत्यवीर सिंह, भगवान सिंह अशोक का नौकर, जीतू पुत्र प्रमोद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

घटना के एक माह बाद भी हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पीड़ित ने पुलिस पर सांठगांठ का आरोप लगाया है। वायरल वीडियो में पीड़ित ने आरोपियों पर फैसला न करने पर हत्या करने की धमकी देने का आरोप लगाया है।