पेट्रोल व डीजल के बढ़े दामों को लेकर कांग्रेसियों ने बजाई ढोलक-ढपली

-बढ़ती महंगाई लोगों टूटी कमर, महंगाई पर काबू पाने में भाजपा सरकार विफल

प्रमोद शर्मा@ गाजियाबाद। जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त नेतृत्व में सोमवार को कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर ढोलक और ढपली बजाकर सरकार के कानों तक बात पहुंचाने का काम किया। कांग्रेसियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र यादव ने कहा कि पेट्रोल व डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। डीजल के दामों में इतनी बढ़ोतरी हो गई कि डीजल के दाम भी अब पेट्रोल के बराबर हो गए हैं। भाजपा सरकार महंगाई पर काबू पाने में पूरी तरह से विफल साबित हो रहे हैं। बिजेन्द्र यादव ने कहा कि यूपीए की सरकार के दौरान भाजपा के जो नेता पेट्रोल और डीजल के बढ़े दामों का विरोध कर रहे थे वही आज चुप्पी साधकर बैठ गए हैं। उन्होंने कहा कि यूपीए की सरकार के दौरान कच्चे तेल के दाम महंगे थे लेकिन आज कच्चे तेल के दाम बेहद सस्ते होने के बावजूद भी सरकार दाम क्यों बढ़ा रही है। पेट्रोल और डीजल के लगातार बढ़ रहे दामों का असर आम जनमानस पर पड़ेगा। जिससे दैनिक उपयोग की सभी वस्तुएं महंगी हो जाएंगी। उन्होंने मांग की है कि सरकार तुरंत डीजल और पेट्रोल के बढ़ाए जा रहे दामों पर अंकुश लगाए। महानगर अध्यक्ष मनोज कौशिक ने कहा है कि हर दिन पेट्रोल व डीजल के दामों में बढ़ोतरी होने से दिन-प्रतिदिन महंगाई बढ़ रही है। अब बढ़ती महंगाई लोगों की कमर तोड़ रही है। दुपहिया वाहनों पर चलने वालों का जीवन भी दूभर हो गया है। वे भी अपने वाहन में तेल डलवाने के दौरान बार-बार सोच रहे हैं। देश में ऐसा पहली बार हुआ है कि जब डीजल के दाम पेट्रोल से ज्याद महंगे हैं। डीजल के दाम बढने से खेती की लागत बढ़ गई है और किसान महंगी लागत पर फसल उगाने को मजबूर हैं। इस दौरान विदित चौधरी, ओमवीर यादव, प्रदीप कंसल, नरेन्द्र राठी, सलीम सैफी, अमोल वशिष्ठ, उमेश शर्मा, राहुल शर्मा, सेवादल के मुकेश शर्मा, ममता त्यागी, अर्चना दास, सुनीता उपाध्याय, पूजा मेहता, मोनू जाटव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे। वहीं प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर केन्द्र सरकार की जनविरोधी नितियों के खिलाफ प्रधानमंत्री को संबाधित ज्ञापन जिला प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह ने बताया कि सरकार गरीब, मजदूर, किसान, महिला, छात्र, नौजवान और अल्पसंख्यक विरोधी हैं। नेताओं का कहना था कि पेट्रोल और डीजल का दाम बढ़कार सरकार देश की जनता को लूट रही है। प्रसपा नेताओं की मांग थी कि पेट्रोल और डीजल के बढ़ाए दाम तुरंत वापस लिए जाएं। चीन से आयात किए जाने वाले सामान पर रोक लगाई जाए। टिड्डियों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। इस दौरान पार्टी महासचिव चक्रपाणी यादव, वरिष्ठ नेता चौधरी शीशपाल सिंह, पार्टी प्रवक्ता नाहर सिंह यादव आदि मौजूद रहे।