कार सवार बदमाश शराब ठेके के दो सेल्समैनों से पौने तीन लाख रुपये लूटकर फरार

Spread the love

सुरेंद्र सिंह भाटी@बुलंदशहर जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव खनपुरा के निकट शराब ठेके के दो सेल्समैनों से कार सवार चार अज्ञात बदमाशों द्वारा पौने तीन लाख रुपये लूट का मामला सामने आया है। घटना को अंजाम देकर बदमाश हथियार लहराते हुए कार में सवार होकर फरार हो गए।

लूट की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कम्प मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में घण्टों कॉम्बिंग भी की। पुलिस ने देर रात पीड़ित सेल्समैनों की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।


जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के गांव खनपुरा निवासी प्रवेश पुत्र शीशपाल और प्रेम पुत्र गोपाल बुलन्दशहर में शराब के ठेके पर बतौर सेल्समैन कार्य करते हैं। सोमवार की देर रात लगभग साढ़े दस बजे जब दोनों सेल्समैन बाइक पर सवार होकर नगर स्थित बालाजी मंदिर की ओर से गांव की तरफ जा रहे थे।

गांव से ठीक पहले एक स्विफ्ट डिजायर सवार चार बदमाशों ने बाइक सवार दोनों सेल्समैनों को रोककर तमंचे की नोंक पर ठेकों की सेल के पौने तीन लाख रूपये लूट लिए। घटना को अंजाम देकर लुटेरे मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पीढ़ित सेल्समैनों से जानकारी जुटाई।

इसी के साथ पुलिस ने घटनास्थल के आस पास घण्टों तक कॉम्बिंग की लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। पुलिस ने पीड़ित सेल्समैनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कोतवाली प्रभारी जहांगीराबाद नीरज कुमार का कहना है कि चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश में पुलिस की दो टीमें लगा दी गई हैं। जल्द ही बदमाशों को पकड़कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।