नेताजी सुभाष चंद बोस के गनर रहे साईबर सिटी के इकलौते स्वतंत्रता सैनानी जगराम का निधन

IN8@गुरुग्राम…. देश को ब्रिटिश शासन से आजाद कराने में अहम भूमिका निभाने वाले आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद बोस के गनर रहे साईबर सिटी के इकलौते स्वतंत्रता सैनानी जगराम जी को स्वतंत्रता सैनानी उत्तराधिकारी समिति के पदाधिकारी एवं जिला प्रशासनिक अधिकारियों ने अंतिम विदाई दी। इस दौरान नेताजी सुभाष चंद्र बोस अमर रहे, जय हिंद आदि नारों के बीच पुलिस की टुकड़ी द्वारा सलामी दी गई। स्वतंत्रता सैनानी उत्तराधिकारी समिति गुरुग्राम इकाई के अध्यक्ष कपूर सिंह दलाल एवं महासचिव सूबेदार बिजेंद्र सिंह ठाकरान ने संयुक्त रुप से जानकारी देते हुए बताया कि द्वितीय विश्व युद्ध में जगराम को पैर व हाथ में बम व गोली लगने के बावजूद भी उन्होंने अंतिम समय तक लड़ाई में भाग लिया। उन्होंने बताया कि नेताजी सुभाषचंद्रस बोस द्वारा सभी सैनिकों को युद्ध के दौरान 2 निकर यह कहते हुए दी थी कि आप सभी एक निकर पहनकर युद्ध करेंगे तथा दूसरी निकर उस वक्त डालेंगे जब देश आजाद होने के बाद लाल किले पर ध्वजारोहण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जगराम का निधन शनिवार को प्रात: करीब 10 बजे उनके निवास स्थान सैक्टर 15 पार्ट वन में हो गया था। वह अपने पीछे 2 पुत्र कर्नल ओपी यादव, अशोक यादव एवं पुत्री सुशीला व ओमवती के साथ भरे-पूरे परिवार को छोड़ गए हैं। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा जगराम के सहयोग से सिविल लाइंस में ढाई करोड़ रुपए की लागत से मुख्यमंत्री मनोहरलाल के हाथों स्वतंत्रता सैनानी स्मारक का शिलान्यास कराया गया था। स्मारक की पहली र्इंट जगराम के हाथों रखवाई गई थी। संस्था द्वारा नेताजी सुभाषचंद्र बोस की स्मृति में नेताजी सुभाष चौक एवं नेताजी सुभाष मार्ग रखवाया गया। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि सैक्टर 15 पार्ट वन जाने वाले मार्ग का नाम स्वतंत्रता सैनानी जगराम मार्ग रखा जाए और स्मारक के सामने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की विशाल प्रतिमा लगाई जाए।

उनकी अंतिम विदाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारी नायब तहसीलदार सुशील कुमार, सिविल लाइंस थाना प्रभारी वेदप्रकाश, अर्जुन नगर पुलिस चौकी प्रभारी मोहन सिंह के अलावा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी व अधिकारियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी। इसके अतिरिक्त जिला सैनिक बोर्ड के लेफ्टिनेंट कर्नल अमन यादव, सैक्टर 15 पार्ट वन के पार्षद अश्विनी शर्मा, धर्मसिंह नंबरदार बादशाहपुर, अतरसिंह संधू, कांग्रेस के प्रवक्ता मनोज भारद्वाज, विरेंद्र यादव, विपिन शर्मा, नरेश कुमार यादव, समाजसेवी पीडी पाहूजा, संजय ढींगरा, सोनी नागपाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।