महिलाओं की टोलियां ने गाये मंगलमय गीत

IN8@नारनौल…. होली का पर्व आज समूचे जनपद में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर महिलाओं ने भक्त प्रहलाद की पूजा कर सुख समृद्धि की कामना की। सुबह से महिलाओं की टोलियां मंगलमय गीत गाते हुए पूजा स्थल पर पहुंच रही थी। होली के चलते बाजारों में भी रौनक रही तथा लोगों ने धुलेंडी के लिए जमकर रंग व पिचकारी की खरीददारी की। शाम को होलिका दहन किया गया।
होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने गुलाल अबीर लगाकर एक दूसरे को होली की बधाई दी। वहीं बाजारों में सुबह से शाम तक रंग गुलाल खरीदने वाले लोगों का तांता लगा रहा। होली के अवसर पर लोगों का आवागमन ज्यादा रहने की वजह से बस स्टैंड पर भी काफी भीड़ देखी गई। ज्यादा भीड़ होने की वजह से लोग प्राइवेट वाहनों का सहारा भी ले रहे थे।

महिलाओं ने परंपरागत ढंग से होली मनाई। गांवों में जहां लोगों ने एक या दो जगह ही होली की पूजा अर्चना की। वहीं शहरों में जगह-जगह पर मोहल्लों के हिसाब से लोगों ने होली की पूजा की। महिलाओं ने परंपरागत गीत गाते हुए गोबर से बनाए बिडकुले व ढाल आदि से पूजा की। शहर में अनेक जगह पर महिलाओं की टोलियों को दिनभर देखा गया। इस मौके पर घरों में विशेष रूप से पकवान भी बनाए गए थे। शाम के समय लोगों ने होलिका दहन कर एक दूसरे को होली की बधाई दी।