लोनी के जरिये यूपी में भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी का हुआ भव्य स्वागत

-ठंड और कोहरे के बाद भी लोगों में दिखा जोश, पुलिस आयुक्त का अभेद सुरक्षा कवच  

गाजियाबाद। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 9 दिन के ब्रेक के बाद मंगलवार को यूपी पहुंची। गाजियाबाद में प्रियंका गांधी ने अपने भाई राहुल गांधी का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कंधे पर हाथ रखकर राहुल गांधी आगे बढ़े। दिल्ली के गोकलपुरी से लोनी में प्रवेश करते वक्त यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। हालांकि पुलिस ने सुरक्षा की वजह से मैनरोड से जुड़ी गलियों को बंद कर दिया था। राहुल गांधी को देखने के लिए लोग छतों पर खड़े दिखाई दिये। लोग सड़कों पर हजारों की संख्या में राहुल गांधी को देखने के लिए कतारों में खड़े हुए थे। ठंड और कोहरे के बाद भी लोगों में जोश कम नहीं था। वहीं दिल्ली पुलिस ने इस बार सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतेजाम किये थे। दिल्ली के रास्ते होते हुए राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा ने लोनी के जरिये यूपी में एंट्री की।
इस दौरान कांगे्रस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, प्रवक्ता पवन खेड़ा, पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, योगेन्द्र यादव आदि यात्रा के साथ मौजूद रहे। पुलिस आयुक्त अजय कुमार मिश्रा के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिनेश कुमार पी और डीसीपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा की अगुवाई में पुलिस अधिकारियों ने अभेद सुरक्षा कवच तैयार किया।
लोनी बॉर्डर पर बने मंच पर प्रियंका गांधी ने भाई राहुल को योद्धा बताते हुए कहा कि मेरे बड़े भाई… इधर देखो, सबसे ज्यादा गर्व आप पर है। सत्ता का पूरा जोर लगाया गया। सरकार ने हजारों करोड़ रुपए खर्च किए, इनकी छवि को खराब करने के लिए, लेकिन ये डरे नहीं। इन पर एजेंसी लगाई गईं। योद्धा हैं… योद्धा हैं। अडाणी-अंबानी ने बड़े-बड़े नेता खरीद लिए। देश की सरकारी संपत्ति खरीद लीं। देश की मीडिया खरीद ली, लेकिन मेरे भाई को नहीं खरीद पाए और न ही खरीद पाएंगे। कोई मुझसे पूछ रहा था कि आपके भाई को ठंड नहीं लगती। आपको डर नहीं लगता, इनकी सुरक्षा के लिए। मेरा जवाब ये है कि ये सत्य का कवच पहनकर चल रहे हैं। भगवान इनको सुरक्षित रखेगा। सब साथ चलिए। एकता, सद्भावना, प्यार का पैगाम लेकर चलिए।

राहुल और प्रियंका गाजियाबाद में करीब 6 किलोमीटर पैदल चलने के बाद एक ही कार से दिल्ली लौट गए। राहुल और प्रियंका खजूरी पुस्ता रोड होते हुए दिल्ली गए हैं। यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने बताया कि राहुल गांधी का आज का पैदल चलने का टारगेट 25 किलोमीटर था। दिल्ली और गाजियाबाद मिलाकर राहुल 25 किलोमीटर पैदल चल चुके हैं। अब बुधवार सुबह बागपत के मवी लां से कफिर यात्रा में जुड़ेंगे। यात्रा शुरू करने से पहले राहुल ने दिल्ली में मरघट वाले हनुमान जी के दर्शन किए। इस दौरान पुजारी ने उनको गदा भी दी। पूर्व मंत्री राशिद अल्वी ने कहा किस-किस तकलीफ का जिक्र किया जाए। पिछले 8 सालों में देश की तकदीर बदल दी। यूपी सरकार नफरत की आंधी है। साध्वी प्रज्ञा घरों में छुरी तेज करने के लिए बोलती हैं। कभी बुलडोजर ठीक कराने तो कभी पाकिस्तान भेजने की बात करते हैं। क्या देश के यही मुद्दे हैं आप रोजगार, नौजवानों, किसानों की बात नहीं करते हैं। सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों ने गाजियाबाद से लेकर पूरे रूट पर डेरा डाल दिया है। सीआरपीएफ की एक टीम ने पूरे रूट का दौरा कर व्यवस्थाएं देखी हैं। भारत जोड़ो यात्रा के लिए रिसॉर्ट भी तैयार किया गया है। 4 जनवरी की सुबह 6 बजे यात्रा फिर शुरू होगी। जोकि बागपत, सिसाना, सरूरपुर, बड़ौत होते हुए शाम 6 बजे शामली के कस्बा एलम में पहुंचकर नाइट स्टे करेगी।
वहीं, यात्रा में साथ चलने वाले हजारों कार्यकर्ताओं के ठहरने के लिए रिसॉर्ट के सामने करीब 2 लाख वर्ग फीट में जर्मन हैंगर (वाटर प्रूफ टेंट) लगाया है। यहां 6 हजार रजाई-गद्दों और करीब 10 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है।
यूपी में 75 जिले हैं। 403 विधानसभाएं हैं। भारत जोड़ो यात्रा सिर्फ 3 जिलों और 11 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा इस यात्रा का जो रूट चार्ट पहले दिन तय किया गया था, उसमें यूपी में यात्रा के प्रवेश का प्लान नहीं था। यात्रा 150 दिनों में 3570 किलोमीटर की दूरी तय कर कन्याकुमारी से श्रीनगर में खत्म हो रही थी, लेकिन दिल्ली में ठहराव की वजह से 3 दिनों की यात्रा उत्तर प्रदेश में रखी गई।
वहीं, अयोध्या राम जन्मभूमि मंदिर के प्रधान पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास शास्त्री ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का समर्थन किया है। उन्होंने राहुल को एक पत्र लिखा है। इसमें कहा है कि भारत जोड़ो यात्रा सर्वजन सुखाय व सर्वजन हिताय के लिए है। साथ ही, उन्होंने गांधी को दीर्घायु व स्वस्थ रहने की कामना करते हुए लक्ष्य की पूर्ति का आशीर्वाद दिया।
फोटो न: 1