सत्ता में आने पर किसानों का कर्ज और बिल करेंगे माफ: कांग्रेस

पटना: बिहार में अगले हफ्ते से शुरू हो रहे विधानसभा आम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया। पार्टी ने इसे बिहार बदलाव पत्र नाम दिया है। इस घोषणा पत्र में कांग्रेस ने बिहार के किसानों से सत्ता में आने पर मुफ्त बिजली और कर्ज माफ करने का वादा किया है। इसके अलावा कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में तेजस्वी यादव को जगह दी है।

पटना में स्थित बिहार कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में घोषणा पत्र जारी करते हुए पार्टी नेता शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर किसानों का कर्ज माफ करेगी और बिजली बिल भी माफ करेगी। इसके अलावा किसानों को फसल का सही मूल्य दिलाने के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब की तर्ज पर केंद्र के कानून को खारिज किया जाएगा।

वहीं, कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने कहा कि आज शिक्षा के लिए बिहार के छात्र बाहर जाने को मजबूर हैं। मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर पटना विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने का अनुरोध किया लेकिन प्रधानमंत्री ने नहीं सुनी। ये मुख्यमंत्री की हैसियत है प्रधानमंत्री के सामने। उन्होंने कहा कि बारहवीं कक्षा में 90% से ज्यादा नंबर लाने वाली छात्राओं को सरकार को स्कूटी देगी।