सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक फूट रहा गुस्सा

प्रमोद शर्मा@ गाजियाबाद। गलवन घाटी में चीनी सैनिकों के साथ झड़प में शहीद हुए 20 भारतीय सैनिकों को लेकर देशवासियों में आक्रोश चरम पर है। हर कोई अपने तरीके से विरोध जता रहा है। चीन की नापाक हरकत पर सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक गुस्सा फूट रहा है। चीन के राष्ट्रपति का सड़कों पर पुतला जलाकर, चाइनीज उत्पादों के बहिष्कार की पुरजोर विरोध किया। आम जनता सहित तमाम राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों ने अपने अपने तरीके से रोष व्यक्त किया। वहीं कई संगठनों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर चीन का पुतला जलाकर अपना गुस्सा जाहिर किया। बुधवार को कांग्रेसियों ने शहीद सैनिकों को संदेश देकर श्रद्धांजलि दी। जिला कार्यालय पुराना बस अड्डा गाजियाबाद पर जिला कांग्रेस कमेटी व महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वधान में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। जिला अध्यक्ष बिजेद्र यादव ने भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि केंद्र सरकार को इस मामले में कड़ा कदम उठाना चाहिए। चीन हमारे देश में काफी समय से हमारी भूमि पर कब्जा किये हुए और सरकार देश को गुमराह कर रही है। काफी समय से सीमा पर तनाव चल रहा है लेकिन सीमा विवाद के समाधान पर सरकार कोई भी गंभीर प्रयास नही कर रही है। सरकार की नीतियों के कारण देश की सीमाओं पर हमारे सैनिक सुरक्षित नहीं हैं। इस बीच बीस जांबाज सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवार को सांत्वना दी गई। श्रद्धांजलि देने वालों में महानगर अध्यक्ष मनोज कौशिक, पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, पूर्व विधायक हरेद्र अग्रवाल, पूर्व प्रदेश सचिव नरेद्र राठी, पूर्व महानगर उपाध्यक्ष सलीम अहमद (सैफी) पूर्व जिला उपाध्यक्ष त्रिलोक सिह, पीसीसी सदस्य अनीस खान, पार्षद दल नेता जाकिर अली, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अकबर चौधरी, मनोज चौधरी शामिल रहे।

उद्योग व्यापार मंडल साहिबाबाद विधानसभा ने किया चीनी सामान का विरोध
उद्योग व्यापार मंडल साहिबाबाद विधानसभा द्वारा बुधवार को बृज विहार में चीन द्वारा भारतीय सैनिकों पर किए गए हमले के विरोध में चाइना के सामान का बहिष्कार करने के लिए व्यापारियों व क्षेत्र वासियों से अपील की। इस दौरान संरक्षक मनोज गोयल ने कहा चीन की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भारत का भी बड़ा हाथ है। हम सभी लोग चीन के उत्पादों का अधिक इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में हमें संकल्प लेना होगा कि हम चीनी उत्पादों का बहिष्कार करें। इस दौरान भाजपा नेता योगेश त्रिपाठी, विकास अग्रवाल, दुर्गेश शर्मा, एसके अग्निहोत्री, विनोद चौधरी ,सुरेश चंद शर्मा, रामअवतार पवार ,अनिल साहनी, राजेंद्र त्रिपाठी आदि व्यापारी उपस्थित रहे।

दिल्ली गेट उद्योग व्यापार मंडल गाजियाबाद अध्यक्ष संजीव मित्तल के नेतृत्व में मुकेश गर्ग, मनीष मित्तल, विजय कुमार मेंदी, किशन गोयल, सुदेश पाल वर्मा, योगेश गुप्ता ने नवयुग मार्किट में चाइनीज उत्पादों को जलाकर पुरजोर विरोध किया। संजीव मित्तल ने कहा कि चीन को मीडिया के माध्यम से चेताया जा रहा है कि यदि वह अपने विस्तारवादी अनुचित सोच को नही छोड़ता है तो हम चाइनीज उत्पाद खरीदना एवं बेचना दोनो ही पूर्ण रूप से बंद कर देगें। उन्होने सरकार से अपील की कि चाईनीज सामान के आयात पर पूर्ण रूप से रोक लगाई जाए।