प्रियंका गांधी ने भरतपुर मामले में कार्रवाई के लिए गहलोत को धन्यवाद दिया

Spread the love

जयपुर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने भरतपुर में दुष्कर्म के एक मामले में संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का धन्यवाद किया है। प्रियंका ने शुक्रवार को ट्वीट किया,’भरतपुर मामले में संज्ञान लेकर शीघ्रता से न्यायोचित कार्रवाई करने के लिए अशोक गहलोत जी का बहुत धन्यवाद।

‘ उन्होंने लिखा,’कोई भी राजनीतिक व्यवस्था महिलाओं के प्रति संवेदनशील हुए बिना प्रगति नहीं कर सकती।’ उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह उत्तर प्रदेश में मथुरा जनपद के पालीखेड़ा गांव में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की सभा में कुछ लोगों ने यह मामला उठाया था।

सभा में मंच के समक्ष करीब दर्जनभर लोगों ने तख्तियां दिखाते हुए राजस्थान की एक लड़की को राज्य सरकार से न्याय दिलाने की मांग करनी शुरू कर दी। प्रियंका गांधी इन लोगों से मिलीं व उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए उसी समय मुख्यमंत्री गहलोत से बात की।

इसके बाद पुलिस ने भरतपुर जिले के जुरहरा थाना क्षेत्र में पिछले वर्ष दर्ज दुष्कर्म मामले में पीड़िता और उसके परिजनों को सुरक्षा मुहैया करवा दी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुलिस से इस संबंध में रिपोर्ट मंगवाकर कार्रवाई के लिये आवश्यक निर्देश दिये।