भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का असम दौरा आज

गुवाहाटी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनाव प्रचार में हिस्सा लेने के लिए डिब्रूगढ़ में हैं। भाजपा अध्यक्ष डिब्रूगढ़ के मोहनबारी हवाई अड्डा परिसर में प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम में भाजपा नेताओं के साथ शामिल होंगे। नवीन इसके बाद मार्घेरिटा विधानसभा क्षेत्र के लीडो बाजार हाईस्कूल खेल मैदान में वर्तमान विधायक भास्कर शर्मा के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा में शामिल होंगे। वहीं, दूसरी ओर जोनाई विधानसभा क्षेत्र के जोनाई एचएस स्कूल के खेल मैदान में वर्तमान विधायक भुवेन पेगु के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।

नितिन नवीन की तीसरी जनसभा के मद्देनजर गोगामुख के स्कील सेंटर में धेमाजी एवं लखीमपुर जिलों के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। वे रात्रि विश्राम गोगामुख गेस्ट हाउस में करेंगे।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव के मद्देनज पूरे राज्य में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का चुनावी अभियान पूरे जोरशोर से चल रहा है। राज्य में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत पहुंचे हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी चुनाव प्रचार कार्यक्रम को धार देने के लिए बीते शुक्रवार की रात को गुवाहाटी पहुंचे थे। उन्होंने भी कई चुनावी सभाओं को संबोधित किया है।

आने वाले दिनों में प्रधानंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री के साथ ही अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री एवं केंद्रिय मंत्रियों की चुनावी सभाएं पूर्व निर्धारित हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के लगातार असम दौरे से यह साफ हो गया है कि पार्टी इस चुनाव को बेहद गंभीरता से ले रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *