कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष को तत्काल रिहा करने की मांग

Spread the love

जिला कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
दीपक वर्मा@ शामली। जिला कांग्रेस कमेटी ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को तत्काल रिहा करने व उनके खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमों को वापस लेने की मांग की। इस अवसर पर राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया।
जानकारी के अनुसार जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक सैनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जय कुमार लल्लू को प्रदेश सरकार ने अपनी गरीबी विरोधी मानसिकता एवं राजनीति द्वेष के कारण जेल में डाल दिया है, यही नहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमें दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पैदल चल रहे प्रवासी मजदूरोें को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए एक हजार बसें चलाने की प्रदेश सरकार से अनुमति मांगी थी, लेकिन प्रदेश सरकार राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर अपनी शक्ति का गलत उपयोग कर रही है। उनहोंने कहा कि कोरोना महामारी में कांग्रेस पार्टी एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका अदा कर रही है, पार्टी ने उप्र में 90 लाख लोगों तक खाना पहुंचाया। 22 जिलों में रसोईघर संचालित किए लेकिन भाजपा सरकार सत्ता के दम पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दमन कर रही है। उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को तुरंत रिहा करने व कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज किए जा रहे मुकदमों को भी वापस लेने की मांग की। इस अवसर पर शहर अध्यक्ष अनुज गौतम, श्यामलाल शर्मा, विनोद अत्री, हारून अंसारी, धर्मेन्द्र कांबोज, धीरज उपाध्याय, वैभव गर्ग आदि भी मौजूद थे।