पौधारोपण पखवाड़े के दौरान दिल्ली में लगाए गए 8.5 लाख पौधे: गोपाल राय

Spread the love

प्रमोद शर्मा @ नई दिल्ली।दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने यमुना बैंक स्थित पीडब्ल्यूडी आॅफिस के पास पौधारोपण करके ‘‘पौधा लगाओ, पर्यावरण बचाओ’’ पखवाड़े के महा अभियान का समापन किया। पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली सरकार ने 31 मार्च 2021 तक पूरे दिल्ली में 31 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है, जिसमें इस वृक्षारोपण पखवाड़े के दौरान करीब 8.5 लाख पौधे लगा दिए हैं।

इसमें से 6 लाख पौधे विभिन्न विभागों ने लगाया है और दिल्ली के निवासियों को 2.5 लाख पौधे लगाने के लिए मुफ्त दिए गए। पखवाड़े के आखिरी दिन दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय विधायकों के नेतृत्व में पौधारोपण किया गया। उन्होंने कहा कि पौधों की सुरक्षा और उनके विकास को सुनिश्चित करने के लिए सभी पौधों का थर्ड पार्टी आँडिट कराया जाएगा।

जिला या रेंज में सबसे अच्छा काम करने वाले तीन कर्मचारियों को दिल्ली सरकार सार्वजनिक रूप से पर्यावरण मित्र सम्मान से सम्मानित करेगी। अभी ‘‘पौधा लगाओ, पर्यावरण बचाओ’’ पखवाड़ा समाप्त हुआ है, लेकिन पौधारोपण अभियान मार्च 2021 तक चलेगा। ‘‘पौधा लगाओ, पर्यावरण बचाओ’’ पखवाड़े का समापन करते हुए पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि बीते 10 जुलाई को मैने इसी स्थान से बरगद का पौधा लगाकर इस साल के अभियान की शुरूआत की थी।

इसके बाद दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में लगातार उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, अलग-अलग विभागों के मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने इस अभियान का नेतृत्व किया। आज ‘‘पौधा लगाओ, पर्यावरण बचाओ’’ अभियान के पखवाड़े का समापन हो रहा है। पखवाड़े के समापन अवसर पर दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में सभी विधायकों के नेतृत्व में वृक्षारोपण और पौधों के वितरण का कार्य चल रहा है।

गोपाल राय ने कहा कि इस कोरोना काॅल में भी दिल्ली में पर्यावरण को बचाने के लिए वन विभाग और उद्यान विभाग के साथ डीडीए, एमसीडी, पीडब्ल्यूडी और अलग-अलग एजेंसियों के कर्मचारियों व अधिकारियों ने बड़ी सिद्दत के साथ कार्य किया है। पिछले 15 दिनों के दौरान दिल्ली के अंदर 8.5 लाख पौधों का रोपण हो चुका है। उन्होंने कहा कि  इस बात की खुशी है कि न सिर्फ पौधे लगाने के लिए यह पखवाड़ा नहीं मनाया जा रहा है, बल्कि आगे पौधे जिंदा रहें, ताकि फलें-फूलें, दिल्ली को आँक्सीजन मिल सके, वातावरण का कार्बनडाई आॅक्साइट दूर कर सकें, इसका भी ख्याल रखा गया है। इस मिट्टी में कौन से पौधे विकसित और जिंदा रह सकते हैं, विभाग ने इसका भी ख्याल रखा है।

पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि इस साल 31 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। हमने इसमें 8.5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य इस पखवाड़े में हासिल कर लिया है। 31 मार्च तक हमने 31 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। मुझे भरोसा है कि इस कोरोना काल में जब हम इतने बड़े लक्ष्य को हासिल चुके हैं। दिल्ली सरकार की सक्रीयता और दिल्ली के निवासियों के सहयोग से कोरोना का प्रकोप भी अब धीरे-धीरे लगातार कम हो रहा है। इसलिए निश्चित रूप से आगामी दिनों में पौधा रोपण की गति और बढ़ेगी। 31 मार्च 2021 तक हम प्रदूषण से लड़ाई के लिए 31 लाख पौधे लगा कर दिल्ली के लोगों को समर्पित कर देंगे।