Shamli Ass-Pass: बैंक कर्मचारियों समेत 24 लोगों के रैंडम सैंपल भेजे

संवाददाता@ कैराना। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बैंक कर्मचारियों समेत 24 लोगों के रैंडम सैंपल लेकर कोरोना जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए।
कैराना में स्वास्थ्य विभाग का रैंडम सैंपलिंग अभियान निरंतर जारी है। ब्लॉक सैंपलिंग नोडल अधिकारी अतुल गर्ग ने बताया कि शुक्रवार को बैंकों के कर्मचारियों सहित कुल 24 लोगों के रैंडम सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें जांच हेतु प्रयोगशाला भेजते हुए उपरोक्त लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

नाला निर्माण के चलते लगा लंबा जाम, राहगीर हुए परेशान
संवाददाता@ कैराना। नगरपालिका द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य के चलते नगर में लंबा जाम लग गया। जाम के बीच तपती धूप में राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
कैराना कोतवाली गेट के निकट नगरपालिका द्वारा नाला निर्माण का कार्य कराया जा रहा है, जिसके चलते शुक्रवार को मार्ग पर भीषण जाम लग गया। जाम के चलते कोतवाली के पास मार्ग पर वाहनों की दोनों ओर लंबी लाइन लग गई। इस दौरान भीषण गर्मी और तपती धूप से राहगीर बिलबिला उठे। वहीं, पुलिस द्वारा जाम को खुलवाने के लिए मशक्कत की गई। दिनभर यहां जाम की स्थिति बनी रही।

जमीयत ने खुद तैयार किए मास्क बांटे
संवाददाता@ कैराना। जमीयत यूथ क्लब की ओर से खुद तैयार कराए गए करीब 100 मास्क लोगों को निरूशुल्क वितरित किए गए। इस दौरान पुलिस भी मौजूद रही।
शुक्रवार को जमीयत यूथ क्लब के पश्चिमी उप्र अध्यक्ष मौलाना आकिल के निर्देशन में नगर अध्यक्ष एवं जामा मस्जिद के शाही इमाम मौलाना ताहिर हसन व जमीयत यूथ क्लब के स्काउट मास्टर मौलाना इरफान कासमी अपनी टीम के साथ कैराना कोतवाली पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ उपनिरीक्षक मौ. नफीस के साथ मिलकर कोतवाली के बराबर में लोगों को निरूशुल्क मास्क वितरित किए। इस दौरान भारत स्काउट एंड गाइड के छात्रों द्वारा लोगों को मास्क का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। स्काउट मास्टर मौलाना इरफान कासमी ने बताया कि करीब 100 लोगों को मास्क वितरित किए गए हैं। यह मास्क खुद उनके द्वारा तैयार कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में लोगों को जागरूक करने के लिए जमीयत यूथ क्लब के पदाधिकारी व भारत स्काउट एंड गाइड के छात्र अहम भूमिका निभा रहे हैं।