गुड़गांव की दुर्दशा के लिए बीजेपी सरकार ज़िम्मेदार: चौ आफताब अहमद

आस मोहम्मद@नूंह-मेवात…कांग्रेस विधायक दल के उप नेता चौधरी आफताब अहमद ने गुड़गांव की दुर्दशा के लिए बीजेपी सरकार के छह सालों के कुशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने छह सालों में गुड़गांव के लिए कुछ भी नहीं किया सिर्फ़ शहर का नाम बदलकर गुरुग्राम किया है। आफताब अहमद ने कहा कि गुड़गांव ना केवल प्रदेश के विकास के लिए बल्कि देश के विकास में भी निर्णायक भूमिका निभाने वाला शहर है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शहर अपनी अहमियत रखता है और विदेशी कंपनियों के लिए निवेश की जगह है लेकिन बीजेपी सरकार की गलत नीतियों से शहर नुकसान की और जा रहा है।
सीएलपी उप नेता आफताब अहमद ने कहा कि गुड़गांव कांग्रेस शासन में ना केवल प्रदेश में बल्कि देश में अपनी उस पहचान के लिए जाना जाता था जो प्रदेश व देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाती थी। लेकिन पिछले छह सालों में कभी गुड़गांव 12- 12 घंटे के जाम के लिए सुर्खियां बटोर रहा था तो कभी मोब लिनचिंग के लिए सुर्खियों में था। कानून व्यवस्था के लिए भी गुड़गांव देश भर में गलत कारणों से अखबारों में छप रहा था।
सीएलपी उप नेता चौधरी आफताब अहमद ने कहा कि सामान्य बारिश में भी गुड़गांव शहर डूब जाता है और लोग घंटों फंसे रहते हैं, कभी राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुल पर सड़क में बड़ा छेद हो जाता है। अब सोहना गुड़गांव रोड पर निरमाणाधीन पुल का गिरना, शहर के पोल तो खोलता ही है बल्कि प्रदेश सरकार पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। भ्रष्टाचार, कुप्रबंधन का बोलबाला इस सरकार में चल रहा है। सीएलपी उप नेता आफताब अहमद ने कहा कि गुड़गांव में कोरोना के रोकथाम में भी प्रदेश सरकार प्रभावी साबित नहीं रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को नींद से जगना चाहिए और एक मिलेनियम शहर को बर्बाद करने से बाज आना चाहिए।