नगर पालिका की लापरवाही गलियों में लग रहे गंदगी के ढेर

Spread the love

IN8@पुन्हाना…..पुन्हाना नगर पालिका की लापरवाही के कारण शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। आलम यह है कि अब गलियां भी कूड़े के ढेर में तब्दील होने लगी है। लोगों का गलियों से निकलना भी मुश्किल हो चला है। लोगों का आरोप है कि लगातार सफाई व्यवस्था को सुधारने की मांग को लेकर वे प्रशासनिक अधिकारियों से मिल चुके हैं। परंतु प्रशासनिक अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। शहरवासियों ने जिला उपायुक्त से मांग की है कि नगर की सफाई व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से सुधारा जाए।
शहर के वार्ड नंबर 13 निवासी विक्की गोयल, सौरभ गर्ग, खिलौनी राम, अजय कुमार, अनिल आदि ने बताया कि उनकी गली हमेशा कूड़े के ढेर से भरी हुई रहती है। जिसमें आवारा सुअर हमेशा मुंह मारते रहते हैं। उन्होंने बताया कि गंदगी का आलम यह है कि बदबू के कारण गली से निकलना दूभर हो चुका है और हमेशा मच्छरों का प्रकोप भी बना रहता है। जिसके कारण हमेशा बीमारी फैलने का डर रहता है। लोगों ने बताया कि वे कई बार नगर पालिका प्रशासन, स्थानीय वार्ड पार्षद तथा उप मंडल प्रशासन को गली की सफाई कराने की मांग कर चुके हैं।
परंतु प्रशासन द्वारा कभी भी इस समस्या के समाधान की ओर ध्यान नहीं दिया गया। लोगों ने जिला उपायुक्त से मांग की है कि जनहित में गली की सफाई कराकर उन्हें गंदगी से निजात दिलाई जाए। वहीं उपमंडल अधिकारी कुलबीर सिंह ढाका ने बताया कि जल्द ही गली की सफाई करा दी जाएगी। लोगों को किसी भी तरह की समस्या नहीं होने दी जाएगी।