जाम के झाम में उलझा रहा शहर, आम जनजीवन भी हो रहा प्रभावित

दीपक वर्मा@ शामली। सोमवार को शहर के बाजारों में उमडी भीड के कारण जाम के हालात बने रहे। भीषण जाम के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित रही वहीं आम जनजीवन भी मुहाल रहा, पैदल चलने वालों को भी निकलने की जगह नहीं मिल पायी। पुलिसकर्मी भी जाम खुलवाने के लिए कडी मशक्कत करते दिखाई दिए। जानकारी के अनुसार शामली शहर में जाम लगना कोई नई बात नहीं है। पिछले करीब दस दिनों से अपर दोआब शुगर मिल में भारी संख्या में गन्ना के आने के कारण लोगों को भीषण जाम से जूझना पड रहा था। रविवार को मिल का पेराई सत्र समाप्त होने के बाद गन्ने के जाम से तो लोगों को राहत मिल गयी लेकिन अब अन्य वाहनों के कारण शहर में जाम की स्थिति पैदा हो गयी है। सोमवार को भी बाजारों में उमडी भारी भीड के कारण जाम के हालात पैदा हो गए। शहर के वीवी इंटर कालेज रोड, हनुमान रोड, सुभाष चैंक, धीमानपुरा, बडा बाजार, कबाडी बाजार, नेहरु मार्किट, रेलवे रोड आदि पर जाम लगा रहा जिसके चलते लोग भीषण गर्मी में बिलबिलाते रहे।

यहां तक कि पैदल चलने वालों को भी निकलने की जगह नहीं मिल पायी। जाम के कारण बाजारों में खरीददारी करने आने वाली महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पडा। एक तो भीषण गर्मी, ऊपर से आए दिन लगने वाले जाम के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। वाहन चलने के बजाय रेंगने पर मजबूर हो रहे हैं जिस कारण गर्मी में वाहनों में सवार बच्चे, महिलाएं व बुजुर्ग भी बिलबिला रहे हैं। शहर में जाम के कारण बुढाना रोड व रेलपार बाईपास से से निकलने वाले मार्ग पर भी वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लगी रही। पुलिसकर्मी भी जाम खुलवाने में मशक्कत करते रहे लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।