प्रेमी से शादी करने को महिला ने अधेड़ पति को मौत के घाट उतारा

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक 30 वर्षीय महिला ने अपने अवैध संबंधों को जारी रखने के लिए प्रेमी और एक साथी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। इसके बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए पति द्वारा आत्महत्या किए जाने की झूठी कहानी सुनाने लगी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला और उसके पति की उम्र में 20 साल का अंतर था और दंपति को कोई बच्चा भी नहीं हुआ था। पुलिस ने कहा कि महिला अपनी शादी से खुश नहीं थी और इस कारण उसने वीरू बर्मा और करण के साथ मिलकर अपने पति को मारने के लिए एक योजना बनाई।

कथित तौर पर महिला और वीरू बर्मा के बीच अवैध संबंध थे और वह उससे शादी करना चाहती थी, जबकि करण बुध विहार इलाके में महिला और उसके पति के साथ उनके घर में रह रहा था। 

पुलिस ने बताया कि महिला का पति मायापुरी इंडस्ट्रियल एरिया में काम करता था। पति को नींद की गोलियां खिलाने के बाद महिला ने कथित तौर पर करण की मदद से अपने पति की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
 
बाद में वे उस व्यक्ति को अस्पताल ले गए और डॉक्टरों को बताया कि उसने आत्महत्या कर ली है। हालांकि, उन पर शक होने के कारण डॉक्टरों ने पुलिस को इस बारे में सूचित कर दिया।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि महिला के घर पहुंचने पर पुलिस को व्यक्ति द्वारा आत्महत्या की ओर इशारा करने वाले कोई सबूत नहीं मिले और करण और महिला के बयान भी अलग-अलग थे। जांच में पता चला कि महिला वीरू बर्मा से शादी करना चाहती थी और अपने पति की संपत्ति हासिल करना चाहती थी।