शराब पीकर लड़कियों से करता था छेड़छाड़ व मारपीट, मनचले गिरफ्तार

विनोद पांडेय @ गाजियाबाद। कविनगर थाने की पुलिस ने शराब पीकर आती जाती लड़कियों से छेड़छाड़ और बदतमीजी करने के साथ मारपीट करने वाले चार मनचलों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक कार बरामद हुई है।

कविनगर थाना प्रभारी नागेंद्र चौबे ने बताया कि बीती रात आरडीसी में चार युवक जो शराब के नशे में धुत थे आती-जाती लड़कियों के साथ छेड़छाड़, बदतमीजी और मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान गश्त कर रही पुलिस और शक्ति मोबाइल टीम द्वारा मनचलों को दबोच लिया गया। उन्होंने बताया कि इनमें नवीन निवासी गौतमबुद्धनगर, शनि त्यागी और राजेश पंडित निवासी खोड़ा व हिमांशु निवासी कविनगर है।

उन्होंने बताया कि महिलाओं को सुरक्षा और उनके साथ होने वाले अपराधों को देखते हुए नारी शक्ति मिशन का शुभारंभ हुआ है। जिसके तहत आला अधिकारियों द्वारा पुलिस को मनचलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के दिशा निर्देश दिए गए हैं। उनका कहना है कि पुलिस के साथ-साथ शक्ति मोबाइल भी लगातारमहिलाओं के साथ होने वाले अपराधों को रोकने के लिए लगी हुई है। महिलाओं के साथ अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।