शामली आसपास: पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में मारपीट व पथराव

संवाददाता@ कांधला। थाना क्षेत्र के गांव नाला में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में जमकर मारपीट पथराव हुआ। मारपीट पथराव में दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने अपना-अपना डाक्टरी परीक्षण कराने के बाद एक दूसरे के खिलाफ थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के गांव नाला निवासी जावेद व गय्यूर पक्ष के बीच काफी दिनों से किसी बात को लेकर रंजिश चली आ रहीं है। रविवार को जावेद अपने परिवार के हीं इंतजार के साथ गांव के निकट हीं रजवाहे से मछली पकड़ने के लिए गया था। आरोप है कि रंजिश के चलते गांव के हीं गय्यूर ने अपने परिवार के आकिल, माइकल, साबिर के साथ मिलकर जावेद और इंतजार की पिटाई कर दी। शोर-शराबा होने प जावेद पक्ष के लोग भी मौके पर आ गए। दोनों पक्षों मे जमकर मारपीट पथराव हुआ। मारपीट पथराव में एक पक्ष से जावेद, इंतजार व बाबू व दूसरे पक्ष से माइकल, साबिर व आकिल घायल हो गए। दोनों पक्षों ने अपना-अपना डाक्टरी परीक्षण कराने के बाद एक दूसरे के खिलाफ थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जायेगी।

मामोर में किया जा रहा अवैध रेत खनन
संवाददाता@ कैराना। प्रशासन द्वारा छोड़े गए वैद्य पट्टे की आड़ में नियमों को ताक पर रखकर दिन-रात अवैध रेत खनन किया जा रहा है। जिसमें भारी भरकम मशीनों से यमुना के बीच से रेत निकाला जा रहा है। वहीं अवैध रेत खनन होने से यमुना किनारे पर मौजूद किसानों की जमीनों में कटान व गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।
कैराना तहसील के गांव मामोर में जिला प्रशासन द्वारा 5 साल के लिए रेत खनन का पटटा आवंटित किया गया था। रेत खनन के पट्टे पर एनजीटी की गाइडलाइन व खनन नीति के तहत रेत खनन किया जाना था। लेकिन खनन ठेकेदार वैध पट्टे की आड़ में दिन-रात अवैध रेत खनन करने में जुटे हुए हैं। स्थानीय प्रशासन व सत्ताधारी नेताओं के गठजोड़ के कारण रविवार को मामोर में खनन ठेकेदार भारी भरकम करीब 15 पोर्कलेन मशीनों से यमुना के बीच से रेत निकलवा गया। पोर्कलेन मशीनों से यमुना के बीच से कई कई फिट तक रेत निकाल कर गहरे कुंड बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा मशीनों से यमुना के पानी को रोकने के लिए रेत की आड़ लगा दी गई, जबकि यमुना की जलधारा को रोका नहीं जा सकता। लेकिन खनन ठेकेदार प्रशासन के आदेशों को अनदेखा कर अवैध खनन करने में जुटे हुए हैं। गुलजार नामक किसान ने बताया कि उसने यमुना किनारे तरबूज व खरबूजे की प्लेज लगा रखी है। वह अपनी प्लेज पर दिन-रात रहता है। प्रशासन द्वारा मामोर में छोड़े गए रेत खनन के पट्टे पर रात में भी खनन होता है। किसान ने कहा कि प्रशासन द्वारा रात में चल रहे खनन को बंद कराना चाहिए। वरना बरसात के दिनों में उनकी जमीनो में कटान हो सकता है। वहीं मामले में उप जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह का कहना है कि वैद्य पट्टे पर चल रहे खनन की जांच कराई जाएगी। अगर अवैध खनन मिला तो विधिक कार्यवाही की जाएंगी।

संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत
संवाददाता@ कांधला। थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा कुरतान में एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। महिला के परिजनों ने गांव में पहुंचकर महिला की फांसी लगाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक महिला के शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव इस्सोपुर खुरगान निवासी शादीन ने अपनी 28 वर्षीय पुत्री फात्मा की शादी मई 2010 में क्षेत्र के गांव खेड़ा कुरतान निवासी इरशाद पुत्र कमरू के साथ की थी। शादी के बाद महिला ने दो लड़कियों को जन्म दिया। रविवार की सुबह को महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना पर महिला के परिजन गांव पहुंच गए, जहां पर महिला के परिजनों ने हंगामा करते हुए महिला के ससुराल पक्ष के लोगों पर फांसी लगाकर महिला की हत्या करने का आरोप लगाया। मामले की सूचना पर थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह भी भारी पुलिस को साथ लेकर गांव पहुंचे। थानाध्यक्ष ने हंगामा कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। इसी बीच मौका पाकर महिला का पति इरशाद अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अपने घर से फरार हो गया। सूचना पर सीओ कैराना प्रदीप कुमार भी गांव पहुंचे, और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक महिला के शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी।