शामली आसपास: बांग्लादेशी जमातियों को भेजा मुजफ्फरनगर जेल

संवाददाता@ थानाभवन। करीब दो माह पहले भेसानी इस्लामपुर से मिले 12 बांग्लादेशी सहित 15 जमातियों को पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद बनत से मुजफ्फरनगर जेल शिफ्ट कर दिया है। बता दें कि पुलिस ने खुफिया विभाग की सूचना के बाद भेसानी इस्लामपुर गांव से इन जमातियों को पकड़ लिया था। इसके बाद जांच हुई तो इनमें दो जमाती कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। पुलिस ने दोनों को कोविड अस्पताल में भर्ती करते हुए बाकी जमातियों को क्वारन्टीन कर दिया था। साथ ही मामले में करवाई करते हुए पुलिस ने सभी जमातियों पर विदेश व लॉकडाउन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था। क्वारन्टीन की अवधि समाप्त होने के बाद पुलिस ने सभी जमातियों को तीन मई को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें बनत की अस्थाई जेल भेज दिया गया। अब 24 दिन बाद पुलिस ने बुधवार को सभी जमातियों को मुजफ्फरनगर जेल शिफ्ट कर दिया। थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर पहले सभी जमातियों को अस्थाई जेल भेजा गया था। इसके बाद सभी को बुधवार को मुजफ्फरनगर जेल शिफ्ट कर दिया गया है।

नगर पंचायत ने किया ऑनलाइन ऐप जारी
संवाददाता@ थानाभवन। नगर पंचायत ने पहल करते हुए बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों की सोच ना ऑनलाइन देने के लिए ऐप जारी कर दिया है।
दरअसल देशभर में प्रवासी मजदूरों का घर वापस लौटना शुरू हो गया है। जिसके तहत अलग-अलग राज्यों से लोग अपने गृह जनपद में अपने मूल निवास में वापस लौट रहे हैं। कोरोना संक्रमण के चलते देश में बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों के चलते संक्रमण का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। इसी संक्रमण पर नजर बनाने के लिए जनपद शामली की थानाभवन नगर पंचायत ने पहल करते हुए एक ऑनलाइन ऐप जारी कर दिया है। थानाभवन नगर पंचायत ने जानकारी देकर बताया कि यह ऑनलाइन ऐप सोशल मीडिया पर लोगों तक पहुंचाया गया है। जिसके जरिए कोई भी व्यक्ति बाहरी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों या कोरोना से संक्रमित किसी भी व्यक्ति की जानकारी एक फार्म भरकर नगर पंचायत तक पहुंचा सकता है। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा। कुछ सूचनाएं उन्हें प्राप्त भी हो रही हैं। सूचना मिलते ही नगर पंचायत की टीम उक्त व्यक्ति के बारे में पूरी जानकारी एकत्र कर स्वास्थ्य विभाग को पहुंचा देती है। जिससे सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसार कोरोना संक्रमित व्यक्ति का इलाज शुरू कर दिया जाता है।

पुण्यतिथि पर पंडित नेहरु को दी श्रद्धांजलि
दीपक वर्मा@ शामली। कंाग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरु की 56वीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की प्रदेश सरकार द्वारा गिरफ्तारी पर भी कडा आक्रोश जताया गया तथा हाथों पर काली पट्टी बांधकर प्रदेशाध्यक्ष की शीघ्र रिहाई की मांग की। जानकारी के अनुसार देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरु की 56वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री होने के साथ ही पंडित नेहरु आधुनिक भारत के निर्माता भी हैं, देश की आजादी से लेकर आजाद भारत को समृद्ध बनाने तक में नेहरु का अहम योगदान रहा है। जवाहरलाल नेहरु ने पंचवर्षीय योजनाओं की शुरूआत की थी। आजादी की लडाई में उन्हें 9 बार जेल जाना पडा, वहीं भारत के आजाद होने के बाद पंडित नेहरु ने शिक्षा, सामाजिक सुधार, आर्थिक क्षेत्र, राष्ट्रीय सुरक्षा एवं औद्योगिकीकरण सहित कई क्षेत्रों के लिए कार्य किए। देश की तस्वीर बदलने के लिए कई कडे फैसले भी लिए जिनके लिए उनकी कडी निंदा भी की गयी लेकिन उन कडे फैसलों ने ही देश को आर्थिक रूप से हर मोर्चे पर मजबूत बनाया। इस अवसर पर सरकार द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की गिरफ्तारी पर भी कडा आक्रोश व्यक्त किया गया तथा हाथों पर काली पट्टी बांधकर उनकी शीघ्र रिहाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने 50 जरूरतमंद परिवारों को राशन किट भी उपलब्ध करायी। इस अवसर पर पूर्व शहर अध्यक्ष वैभव गर्ग, योगेश भारद्वाज, ओमबीर उपाध्याय, रविन्द्र आर्य, प्रवीण पांचाल आदि भी मौजूद थे।