नहीं मिल रही भीषण गर्मी व लू से राहत

शरीर झुलसाती गर्मी से मुहाल हो रहा जनजीवन
दीपक वर्मा@ शामली। इन दिनों पड रही भीषण गर्मी व लू से लोगों को राहत मिलती दिखाई नहीं दे रही है। बुधवार को भी शरीर झुलसाती गर्मी से जनजीवन प्रभावित रहा। सूर्य की तपिश लोगों से बर्दाश्त नहीं हो रही है, हालत यह है कि पसीना भी सूखने का नाम नहीं ले रहा है। गर्मी के कारण छोटे-छोटे बच्चे भी बुरी तरह बिलबिला रहे हैं। एसी व कूलर भी लोगों को राहत नहीं दे पा रहे हैं। आसमान से बरस रही आग से हर कोई मुहाल है। सुबह के समय बाजारों में खरीददारी करने वाले लोग भी सिर मुंह को ढकने व छातों का प्रयोग करते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मई का महीना समाप्ति की ओर है और इन दिनों भीषण गर्मी भी अपने पूरे चरम पर है। आलम यह है कि दिन निकलते ही गर्मी का प्रकोप शुरू हो जाता है, लोग पूरे दिन गर्मी से मुहाल रहते हैं, तेज धूप के कारण मकान भट्टी की तरह तप रहे हैं जिससे लोगों को घरों में भी चैन नही मिल रहा है। एसी व कूलर भी लोगों को राहत नहीं दिला पा रहे हैं। घर के बाहर सूर्य की तपिश लोगों के शरीर को झुलसाने का काम कर रही है जिसके चलते लोग घरों में ही रहने को मजबूर है। लाॅक डाउन के चलते सुबह के समय मिली छूट में लोग सिर व मुंह को ढककर ही बाहर निकल रहे हैं वहीं महिलाएं छाता लेकर खरीददारी करने जा रही है। गर्मी से बचने के लिए लोग ठंडे पानी का सेवन कर रहे हैं लेकिन पसीना सूखने का नाम नहीं ले रहा है। गर्मी के कारण छोटे-छोटे बच्चे भी बुरी तरह बिलबिला रहे हैं।

गर्मी के कारण गलियों में भी पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहता है, वहीं दोपहर बाद सडकों पर लोगों की आवाजाही भी बेहद कम नजर आती है। एक तो लाॅक डाउन के कारण पुलिस की जबरदस्त सख्ती वहीं भीषण गर्मी के कारण लोग घरों में ही कैद रहते हैं। दूसरी ओर आसपास के देहात क्षेत्रों में भी भीषण गर्मी के कारण लोग बेहाल हो गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में युवा सुबह के समय खेतों पर अपनी ट्यूबवैलों पर नहाकर गर्मी से निजात पाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन राहत नहीं मिल पा रही है।