शामली आसपास: सामुदायिक रसोई का संचालन बंद

संवाददाता@ कैराना। लॉकडाउन में अधिकारियों के निर्देश पर गरीबों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए नगरपालिका कार्यालय पर सामुदायिक रसोई का संचालन किया जा रहा था। जहां से प्रतिदिन क्षेत्र में गरीबों और शेल्टर होम में आने वाले प्रवासी मजदूरों को खाने के पैकेट वितरित किए जा रहे थे। सामुदायिक रसोई के संचालन से क्षेत्र के गरीब एवं असहाय लोग अपना पेट भर लेते थे, लेकिन अब इसका संचालन बंद कर दिया गया है, जिसके चलते गरीब लोगों के सामने अब परेशानी खड़ी हो गई है, क्योंकि ये लोग लॉकडाउन के कारण कहीं काम नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उधर, सामुदायिक रसोई प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल रसोई का संचालन बंद कर दिया गया है। अधिकारियों के दिशा निर्देश पर ही आगे सामुदायिक रसोई का संचालन प्रारंभ होगा।

पैदल पहुंचे पूर्वांचल के 80 मज़दूर, गृह जनपद भेजा
संवाददाता@ कैराना। हरियाणा व पंजाब राज्य में काम करने वाले पूर्वांचल के करीब 80 प्रवासी मजदूर पैदल चलकर कैराना पहुंचे। प्रशासन द्वारा मजदूरों को बसों से उनके गृह जनपद भिजवा दिया गया है।
लॉकडाउन के बीच फंसे प्रवासी मजदूर अपने घर जाने के लिए पैदल सड़कों पर निकल रहे हैं। कैराना में एक बार फिर हरियाणा व पंजाब में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों का जत्था पहुंचा। जहां पर प्रशासन द्वारा मजदूरों को शामली रोड पर राधा स्वामी सत्संग व्यास में बनाए गए शेल्टर होम में ठहराया गया और उनकी स्क्रीनिंग कराई गई। प्रशासन ने प्रवासी मजदूरों को भोजन भी उपलब्ध कराया। एसडीएम देवेंद्र सिंह ने बताया कि पूर्वांचल के करीब 80 प्रवासी मजदूर पैदल चलकर यहां पहुंचे थे, जिन्हें दो बसों से उनके गृह जनपदों के लिए भिजवा दिया गया है।

किशोर की तलाश में पुलिस व पीएसएसी ने चलाया रेस्क्यू आॅप्रेशन
संवाददाता@ कांधला। थाना क्षेत्र के इससोपुरटिल गांव में मामा के घर आया किशोर यमुना नदी में डूब गया। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी किशोर का सुराग नही लग सका। पुलिस व पीएससी के जवानों ने किशोर की तलाश में रेस्क्यू आॅप्रेशन चलाया है।
कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव पावटी निवासी रईस का 14 वर्षीय पुत्र आजम सोमवार को ईद के दिन अपने मामा के घर गांव इससोपुरटिल में अपने मामा के घर आया हुआ था। आजम अपने मामा के लड़के वादिल, फुरकान व वासिद के साथ यमुना नदी में नहाने के लिए पहुंचा इसी बीच किशोर आजम तेज बहाव के चलते यमुना नदी में डूब गया था। परिजनों ने पुलिस को मामले की सूचना देकर किशोर को बरामद करने की मांग की थी। थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने पुलिस बल व पीएससी के जवानों को साथ लेकर मौके पर पंहुचे और यमुना में लापता किशोर की तलाश में रेस्क्यू अभियान चलाया। देर रात्रि तक किशोर का कोई सुराग नही लग सका। 24 घंटें बीत जाने के बाद भी किशोर का कोई सुराग नही लग सका। मंगलवार को जिलाधिकारी के आदेश पर पीएसी के विशेष दल ने रेस्क्यू अभियान प्रारंभ कर दिया है। पीएसी का विशेष दल बोट लेकर घटनास्थल पर पहुंचा। पीएसी के विशेष दल तथा गोताखोरों ने किशोर की तलाश के लिए सर्च अभियान प्रारंभ किया। स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। देर शाम तक यमुना में डूबे किशोर का कोई सुराग नही लग सका। थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह का कहना है कि लापता किशोर की तलाश में पुलिस व पीएससी बल की टीम रेस्क्यू आॅप्रेशन के चलते किशोर की तलाश में जुटी है।