इंडिया गेट पर 6000 से अधिक लोगों ने टेलीस्कोप के माध्यम से किया ग्रहों और चांद-तारों का दीदार

नई दिल्ली,। इंडिया गेट पर आयोजित ग्रहों और चांद तारों के अवलोकन कार्यक्रम में 6000 से अधिक लोगों ने भाग लिया। दिल्ली के लोगों को खगोल विज्ञान के बारे में जागरूक एवं रुचि पैदा करने के मकसद से आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों ने आधुनिक टेलीस्कोप के माध्यम से चांद और कई ग्रह देखें।

गैर-सरकारी संस्था स्पेस और राष्ट्रीय विज्ञान केन्द्र, संस्कृति मंत्रालय, नेहरू तारामंडल के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों के लिए अलग-अलग टेलीस्कोप के माध्यम से चंद्रमा, शुक्र, मंगल, बृहस्पति और शनि ग्रह दिखाने की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा बड़ी स्क्रीन पर चंद्रमा और दृश्यमान ग्रहों की निरंतर लाइव फीडिंग भी पेश की गई। इसके साथ लोग चंद्रमा पर क्रेटर, गैलीलियन चंद्रमा और बृहस्पति पर बैंड, शक्तिशाली लाल मंगल और शनि के छल्ले पूर्ण रूप से अनुभव कर रोमांचित हुए।

इस मौके पर स्पेस के प्रमुख प्रबंध निदेशक सचिन भाभा ने बताया कि इस कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सौर मंडल के चार राजसी ग्रहों- शुक्र, शनि, बृहस्पति, मंगल और चंद्रमा का अवलोकन 6-8 जनवरी को किया जा सका। ऐसी खगोलीय घटना शायद ही कभी होती है जब कोई एक से अधिक ग्रहों को एक ही क्षेत्र में एक साथ देख पाता है। लोगों ने बड़े उत्साह के साथ इस रोचक कार्यक्रम के सहभागी बनें और चांद तारों की दुनिया से रूबरू हुए।

उल्लेखनीय है कि आजादी का अमृत महोत्सव के बैनर तले 06 से 08 जनवरी तक इंडिया गेट लॉन, कर्तव्य पथ पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसका उद्घाटन संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने किया था।