चंद्रयान-3 की सफलता पर बोले भाजपा अध्यक्ष, आत्मनिर्भर भारत के मंत्र को सच साबित कर रहा है यह मिशन

नई दिल्ली। चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने खुशी जताते हुए देशवासियों को बधाई दी है। बुधवार को एक वीडियो संदेश में जेपी नड्डा ने भारत के वैज्ञानिकों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए मिशन से जुड़े सभी वैज्ञानिकों बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अंतरिक्ष क्षेत्र में अपनी एक विशिष्ट पहचान बना रहा है। यह ‘आत्मनिर्भर भारत’ के मंत्र को सच साबित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि इस सफल लैंडिंग मिशन के साथ, भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला पहला देश बन गया है। यह देश के लिए एक असाधारण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इसरो की स्थापना 1969 में हुई थी तब से 89 मिशन लॉन्च किए गए, जिसमें पिछले 9 वर्षों में मोदी सरकार के तहत 47 अंतरिक्ष मिशन पूरा किया जा चुका है। यह यूपीए शासन में लॉन्च किए गए मिशनों की संख्या से दोगुना है।