राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने चंद्रयान-3 की सफलता पर इसरो को दी बधाई

Spread the love

नई दिल्ली, । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बुधवार को चंद्रयान-3 की सफलता पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को बधाई दी है।

चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर लैंडिंग के बाद राष्ट्रपति मुर्मू ने शुभकामना संदेश में कहा कि चंद्रयान-3 की लैंडिंग एक महत्वपूर्ण अवसर, एक ऐसी घटना जो जीवनकाल में एक बार होती है। इस उपलब्धि ने भारत को गौरवान्वित किया। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 की चंद्रमा की सतह पर लैंडिंग के साथ वैज्ञानिकों ने इतिहास रच दिया है। मैं इसरो, चंद्रयान-3 मिशन में शामिल सभी लोगों को बधाई देती हूं और उन्हें आगे और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं देती हूं।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि चंद्रमा पर भारत ने अपना परचम लहरा दिया! अनुपम! अद्वतीय! अभूतपूर्व !!! ये विश्व कीर्तिमान है!! मेरा भारत महान है! इसरो पर देश को गर्व है! इतिहास रच दिया भारत के वैज्ञानिकों ने! चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम की सॉफ्ट लैंडिंग करके भारत ने आज एक बार फिर ये साबित कर दिया कि 21वीं सदी हमारी है।

उन्होंने कहा कि चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग हमारी वैज्ञानिक कौशल और अटूट दृढ़ संकल्प का प्रमाण है। अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी को आगे बढ़ाने के प्रति हमारे देश की प्रतिबद्धता ने हमें वैश्विक नेता बनने के लिए प्रेरित किया है।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि को हासिल करने और नवाचार की सीमाओं को आगे बढ़ाने के लिए इसरो को बधाई!