दो अज्ञात शवों का राष्ट्र चेतना मिशन ने किया अन्तिम संस्कार

सुरेन्द्र भाटी@बुलन्दशहर के थाना कोतवाली नगर के अलग-अलग स्थानों पर मिले दो अज्ञात शवों की शिनाख़्त नहीं हो पाने पर सामाजिक संस्था राष्ट्र चेतना मिशन के कार्यकर्ताओं द्वारा भूतेश्वर श्मशान घाट पर विधिवत अन्तिम संस्कार किया गया।

3 दिन पूर्व बुलन्दशहर के थाना कोतवाली नगर के काला आम चौकी क्षेत्र की रेसकोर्स कॉलोनी के निर्माणाधीन भवन में एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ था, तथा खुर्जा गेट चौकी के अंतर्गत वलीपुरा नहर में भी पानी में बहता हुआ एक लावारिस अवस्था में एक शव बरामद हुआ था। दोनों शवों के पोस्टमार्टम के 72 घंटे बीत जाने के बावजूद भी उक्त शवों की पहचान नहीं हो सकी।

कोतवाली नगर पुलिस ने सामाजिक संस्था राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमन्त सिंह से सम्पर्क किया। संस्था के कार्यकर्ताओं द्वारा नगर के भूतेश्वर श्मशान घाट पर पुलिस की मौजूदगी में दोनों शवों का विधिवत अन्तिम संस्कार किया गया।

इस पुण्य कार्य में पुलिस कांस्टेबल विनीत राणा, राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमन्त सिंह, सचिव सवदेश चौधरी, कोषाध्यक्ष उमेश कुमार, जिला उपासना प्रमुख आचार्य कृष्ण मिश्रा, जिला सह संयोजक पिंटू गूर्जर, नगर संयोजक विकास सिंह, शैलकान्त दुबे, प्रशान्त सक्सेना, सोनू राघव सम्मिलित रहे।