नेताजी सुभाष चन्द्र बोस द्वारा स्थापित “आज़ाद हिन्द सरकार का 79वाँ स्थापना दिवस कार्यक्रम मनाया

सुरेन्द्र सिंह भाटी@बुलंदशहर। देश के महान क्रांतिकारी नेताजी सुभाष चन्द्र बोस द्वारा भारत की प्रथम स्वतंत्र सरकार “आज़ाद हिंद सरकार” के 79वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला पंचायत सभागार में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें जिलाधिकारी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों की विधवाओं, पूर्व सैन्य अधिकारियों एवं समाज सेवियों को सम्मानित भी किया गया।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कल्याण परिषद एवं राष्ट्र चेतना मिशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित समारोह का जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, जिला पंचायत अध्यक्षा डॉ. अंतुल तेवतिया, आज़ाद हिंद फौज के वयोवृद्ध सेनानी महावीर सिंह, कार्यक्रम संयोजक पीके शर्मा, पूर्व सैनिक परिषद के अध्यक्ष कर्नल जयप्रकाश सिंह, राष्ट्र चेतना मिशन के संरक्षक सीए मनीष मांगलिक, अध्यक्ष हेमन्त सिंह आदि ने नेताजी सुभाष के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया।

जिले के सबसे वृद्ध 98 वर्षीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं आज़ाद हिंद फौज के सैनिक रहे महावीर सिंह ने 21 अक्टूबर 1943 को सिंगापुर में “आज़ाद हिंद सरकार” की स्थापना में प्रत्यक्ष सहभागिता का विस्तृत वर्णन किया। उन्होंने देश की आज़ादी में नेताजी के योगदान के प्रति जनजागरण की माँग भी की।

अन्य विभिन्न वक्ताओं ने भी आज़ाद हिंद सरकार व नेताजी सुभाष के अदभुत समर्पण, योग्यता, संघर्ष व बलिदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने विभिन्न विशिष्ट सेवा कार्यों के लिये सामाजिक संस्था राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमन्त सिंह व उनकी टीम को मंच पर सम्मानित किया।

इस अवसर पर ओम प्रकाश जालान, पीके शर्मा, मनीष मांगलिक, हेमन्त सिंह, कृष्ण मिश्रा, सवदेश चौधरी, विकास सिंह, रवि पाल, शरद शर्मा, पिन्टू गुर्जर, शोभित कंसल, अनुज हिन्दू, चिराग भारद्वाज, ललित शर्मा, अवनीश शर्मा आदि सम्मिलित रहे।