फरीदाबाद में कोरोना से सात वर्षीय बच्चे सहित दो की मौत

Spread the love

IN8@फरीदाबाद…..फरीदाबाद में कोरोना से एक सात वर्षीय बच्चे सहित दो लोगों की मौत हो गई। इतना कम उम्र के बच्चे की यह पहली मौत है। वहीं 189 नए संक्रमित आए है। जबकि 237 मरीज संक्रमण से ठीक हुए है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार एसजीएम नगर निवासी सात वर्षीय व सैक्टर-23ए निवासी 65 वर्षीय महिला की कोरोना व अन्य बीमारियों की वजह से मौत हो गई। जिले में सात वर्षीय बालक की मौत कोरोना का सबसे कम उम्र का पहला मामला है। नगर निगम की टीम ने दोनों मृतकों के शवों का अंतिम संस्कार कोविड़-19 गाइड लाईन के तहत किया है।
वहीं जिले में 189 नए संक्रमित क्रमश: सैक्टर-7, गर्ग कालोनी, पाली, अशोका एनक्लेव, सैक्टर-28, गोपी कालोनी, एसजीएम नगर, सैक्टर-14, भनकपुर, चंदावली, बड़ौली, सैनिक कालोनी, नंगला, नाहर सिंह कालोनी, बसेलवा कालोनी, ग्रीन फील्ड कालोनी, सेहतपुर, सैक्टर-85, सीही, ओल्ड फरीदाबाद, चार्मवुड विलेज, आदर्श नगर, बल्लभगढ़ सहित अन्य जगहों से आए है। जबकि 237 लोगों ने संक्रमण को मात दी है।


क्या कहते है उपसिविल सर्जन
उप सिविल सर्जन एवं जिला नोडल अधिकारी-कोरोना डॉ. रामभगत ने बताया कि जिला में अब 129699 लोगों को सर्विलांस पर लिया जा चुका है, जिनमें से 87339 लोगों का निगरानी में रखने का 28 दिन का पीरियड पूरा हो चुका है। शेष 42360 लोग अंडर सर्विलांस हैं। कुल सर्विलांस में रखे गए लोगों में से 129937 होम आइसोलेशन पर हैं। अब तक 224187 लोगों के सैंपल लैब में भेजे गए थे, जिनमें से 201550 की नेगेटिव रिपोर्ट मिली है तथा 289 की रिपोर्ट आनी शेष है। अब तक 22348 लोगों के सैंपल पॉजिटिव मिले हैं, जिनमें से 267 लोगों को अस्पताल में दाखिल किया गया है तथा 603 पॉजिटिव मरीजों को घर पर होम आइसोलेट किया गया है। इसी प्रकार ठीक होने के बाद 21240 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।

अब तक 238 मरीजों की मौत हो चुकी है। इसमें 26 मरीज गंभीर हालत में अस्पताल में दाखिल किए गए हैं इसी के साथ 08 मरीजो को आईसीयू में रखा गया है। आज जिले में 189 नए केस आए हैं जिसमें कोरोना के साथ.साथ अन्य विभिन्न बीमारियां भी कारण रही। आज जिला में कोरोना के केस का डबलिंग रेट 101.8 दिन व रिकवरी रेट 95 प्रतिशत है।