बेटी के लिए मां ने की बच्चे की किडनैपिंग

IN8@ नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक माँ ने अपनी बेटी की गोद भरने के लिए 25 दिन के एक बच्चे की किडनैपिंग का मामला सामने आया है। सोमवार तड़के फतेहपुरी इलाके में फुटपाथ पर महिला सो रही थी। सुबह महिला को जब बच्चा गायब मिला, तो उसने तुरंत लाहौरी गेट थाने में सूचना दी। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से कुछ ही घंटे के भीतर आरोपी और उसकी पत्नी को नई बस्ती इलाके से गिरफ्तार कर लिया। बच्चे की मेडिकल जांच के बाद उसकी मां को सौंप दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, शकुंतला देवी रविवार रात अपने 25 दिन के बच्चे के साथ फतेहपुरी इलाके में फुटपाथ पर सोई थीं। तड़के सोकर उठीं, तो बच्चा गायब मिला। जब वह नहीं मिला तो वह पूछते हुए लाहौरी गेट थाने में पहुंचीं। पुलिसकर्मियों से मदद मांगी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पता चला कि रात करीब ढाई बजे एक महिला ने बच्चे को चोरी किया। वह बच्चे को लेकर नई बस्ती जाती नजर आई।

पुलिस ने महिला की पहचान की और उसे उसके पति के साथ दबोच लिया। आरोपियों की पहचान 56 साल की सावित्री और उसके 60 साल के पति राजेंद्र के रूप में हुई है। उन्होंने खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने बेटी की सूनी गोद भरने के लिए फुटपाथ से बच्चे को चोरी किया था।

उन्होंने बताया कि उनकी 24 वर्षीय बेटी स्वाति पति के साथ आगरा में रहती है। शादी के पांच साल बाद भी उसकी गोद सूनी है, बेटी की खुशियों के लिए उन्होंने बच्चा चोरी किया।