भाई ने की भाई की हत्या, सिर पर किया हथौड़े से हमला

Spread the love

एजेंसी नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी में हत्या का मामला प्रकाश में आया है. पुलिस के मुताबिक ललित कुमार नाम का व्यक्ति कल मंगोलपुरी थाने आया और बताया कि उसने अपने भाई जय किशन की हत्या कर दी है. मृतक की उम्र 23 वर्ष थी. पुलिस को आरोपी ने बताया कि उसने लाश को पार्क में फेंक दिया है. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ललित के भाई जय किशन का शव चादर में लिपटी हुई अवस्था में बरामद कर लिया. लेकिन आरोपी ने आगे कुछ और चौंकाने वाली बातें बताईं.

ललित ने पुलिस को बताया कि उसका भाई जय किशन (मृतक) नशे का आदी था और परिवार से झगड़ा करता था. उसने मां पर भी हाथ उठाया था, जिसके चलते 13 दिसंबर को उसने अपने भाई के सिर पर हथौड़े से हमला किया जिसमें उसकी मौत हो गई. आरोपी के मुताबिक उसने अपने भाई के शव को घर के पलंग के नीचे छिपा दिया. बाद में उसने अपने पिता के साथ मिलकर लाश को ठिकाने लगाने की कोशिश की, लेकिन वह असफल रहा. उसने घर में ही करीब 2 दिनों तक डेड बॉडी को छिपाकर रखा.