भाजपा ने मनाया मुख्यमंत्री का जन्मदिन

केक काटकर की दीघार्यु होने की कामना
दीपक वर्मा@ शामली। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल द्वारा शुक्रवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तुलसी के पौधे रोपित कर व केक काटकर मुख्यमंत्री के दीघार्यु होने की कामना करते हुए उनके शासनकाल में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की गयी।
जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल द्वारा शुक्रवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर सेंट आरसी स्कूल में सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर अध्यक्षा मीनू संगल ने कहा कि उत्तराखंड के पौडी गढवाल में जन्में गोरखपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। योगीजी का जन्म 5 जून 1972 को पौडी गढवाल के गांव पंचेरा में हुआ था। 22 वर्ष की आयु में वे अपना परिवार त्याग कर गोरखपुर में महंत अवैद्यनाथ के पास चले गए थे। 26 वर्ष की आयु में सबसे कम उम्र के सांसद बने तब से लेकर आज तक उन्होंने पीछे मुडकर नहीं देखा। योगी जनमानस के दिलों दिमाग में इस कदर छा गए कि आज वे भारत के सबसे बडे राज्य के मुख्यमंत्री का पद संभाल रहे हैं। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने दिन रात ऊंचाईयों को छुआ। सभी पदाधिकारियों ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर तुलसी के पौधे भी रोपे तथा केक काटकर मुख्यमंत्री के दीघार्यु होने की कामना की। कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका चेयरमैन अरविन्द संगल, योगेन्द्र निर्वाल, सतीश धीमान, संजय बंसल, मनीष भटनागर, अमित उपाध्याय, राहुल गोस्वामी, आयुष तायल आदि भी मौजूद रहे।