भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी 20 वर्ल्ड कप की अदला बदली पर होगी चर्चा

Spread the love

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (Cricket Australia) के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की शुक्रवार को होने वाली बोर्ड बैठक के दौरान वर्चुअल मंच पर अगले 2 साल में दो टी-20 वर्ल्ड कप की मेजबानी पर चर्चा करेंगे. आईसीसी के अगले अध्यक्ष पद पर दो बोर्डों के रूख से भी यह फैसला प्रभावित होगा. अध्यक्ष पद के लिये नामांकन प्रक्रिया की औपचारिक घोषणा की जानी बाकी है.

उम्मीद है कि बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली और सचिव जय शाह के साथ सीए के अर्ल एडिंग्स और निक हॉकले 2021 और 2022 चरण की मेजबानी को लेकर आम सहमति पर पहुंच जाएंगे. आईसीसी बोर्ड सदस्य ने नाम नहीं बताने की शर्त पर पीटीआई से कहा, ‘बैठक का मुख्य एजेंडा आईसीसी टूर्नामेंट के शेड्यल को लेकर है जिसमें महिलाओं का अगले साल के शुरू में वनडे वर्ल्ड कप भी शामिल हैं।

इस साल 18 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन किया जाना था लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इसे स्थगित कर दिया गया जिससे इंडियन प्रीमियर लीग के आयोजन को लेकर रास्ता साफ हुआ जो संयुक्त अरब अमीरात में 19 सितंबर से शुरू होगी. उम्मीद है कि सीए अक्टूबर 2021 में टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी करना चाहेगा क्योंकि उसने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं और वो 2 साल तक इंतजार नहीं करना चाहेगा लेकिन बीसीसीआई भी 2021 में टूर्नामेंट की मेजबानी के अपने अधिकार को छोड़ना नहीं चाहेगी.

आईसीसी बोर्ड के एक सदस्य ने कहा, ‘बीसीसीआई को 2021 में टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी करनी थी और वे इसे ऐसे ही करना चाहेंगे. एक अन्य कारण है कि 2022 में टी20 विश्व की मेजबानी के महज एक साल के अंदर 50 ओवर के वैश्विक टूर्नामेंट की मेजबानी. यह बहुत मुश्किल होगा.’