महंगाई को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

Spread the love

IN8@गुरुग्राम… बढ़ती महंगाई व भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस सेवादल द्वारा वीरवार को केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए रोष प्रकट किया गया। सेवादल के पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्र सिंह सैनी ने बताया कि देश में लगातार पेट्रोल-डीजल, गैस सिलेण्डर, खाद्य सामग्री आदि पर दामों में वृद्धि की जा रही है, जिसके कारण आमजन की कमर टूट गई है। देश की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। दैनिक उपयोग में आने वाली वस्तुओं पर प्रतिदिन दाम बढ़ाए जा रहे हैं। दाल-रोटी आमजन के आगे से निकलती जा रही है। कांग्रेस व्यापार सैल के चेयरमैन पंकज डावर ने कहा कि महंगाई को लेकर कांग्रेस द्वारा पूरे देश व प्रदेश में प्रदर्शन किए जा रहे हैं, ताकि आमजन को यह पता लग सके कि भाजपा सरकार जनविरोधी है।

कांग्रेस ने हमेशा जनता की मदद की है, लेकिन भाजपा ने झूठा सपना दिखाकर आमजन को कर्ज के बोझ तले दबा दिया है। महंगाई चरम पर पहुंच गई है। कृष्णा देवी व निर्मल सिंह ने बताया कि महिलाओं की रसोई का बजट बिगड़ गया है। सरकार जनता की सुनने को तैयार नहीं है। केवल पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है। प्रदर्शन में रामपत प्रेमी, श्यामपाल यादव, बबलू सिंह, संदीप शर्मा, दीपक यादव, अमित मुटरेजा, सुरेंद्र सिंह, प्रवीण सैनी, रेखा शर्मा, महाराम सिंह आदि शामिल रहे।