महिला दिवस के अवसर पर 2 दर्जन महिलाओं ने किया रक्त दान



सुरेन्द्र सिंह भाटी@बुलंदशहर। अन्तराष्ट्रीय महिला दिवस की संध्या के अवसर पर राष्ट्र चेतना मिशन की महिला शाखा द्वारा स्वैच्छिक रक्त दान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 2 दर्जन महिलाओं ने रक्त दान कर रक्त सेवा के क्षेत्र में भी महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।


आम तौर पर ज्यादातर महिलाएं रक्त दान करने में संकोच करती हैं या अनेक प्रकार के भ्रमों के कारण रक्तदान से घबराती हैं। लेकिन, सामाजिक संस्था राष्ट्र चेतना मिशन द्वारा नियमित रूप से जरुरतमन्द मरीजों की जीवन रक्षा हेतु रक्त सेवा में महिलाओं की भी विशेष भागीदारी रहती है।


इसी क्रम में संस्था की महिला शाखा द्वारा अंतराष्ट्रीय महिला दिवस की देर संध्या पर बुलंदशहर चैरिटेबल ब्लड बैंक पर एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें राष्ट्र चेतना मिशन की जिला महिला संयोजिका नीरू अग्रवाल (एआरपी, बेसिक शिक्षा विभाग) एवं कार्यक्रम संयोजिका प्रियंका सिंह, पूनम मांगलिक सहित ममतेश सिंह, प्रीति शिशोदिया, नेहा सिंह, शिवानी राणा, आराधना गुप्ता, नीरू शर्मा, शिल्पी शिशोदिया, भावना शर्मा, रुचि गौड़ आदि 2 दर्जन महिलाओं ने सहर्ष रक्त दान किया।


भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ववलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ करने के साथ ही राष्ट्र चेतना मिशन के संरक्षक सीए मनीष मांगलिक, अध्यक्ष हेमन्त सिंह, सचिव सवदेश चौधरी, जिला सह संयोजक पिंटू गूर्जर, कृष्ण मिश्रा, शरद शर्मा, विकास सिंह, रवि पाल आदि कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में उपस्थित समस्त नारी शक्ति का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पुष्पवर्षा कर अभिनंदन व सम्मान किया।