यमुना में डूबे दोनों युवकों के शव बरामद, परिजनों पर टूटा गमों का पहाड़

दीपक वर्मा@ शामली। यूपी के शामली में मंगलवार को यमुना नदी में डूबे दोनों युवकों की डेडबॉडी देर रात तक चले सर्च आॅपरेशन में बरामद कर ली गई। दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। दोनों युवकों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया है।

क्या है पूरा मामला?
झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव नौनांगली निवासी आशु दहिया और जयंत अपने साथियों के साथ मंगलवार की दोपहर बाइक पर सवार होकर बिड़ौली स्थित यमुना नदी में नहाने के लिए गए थे। अधिकारियों के मुताबिक शाम करीब साढ़े चार बजे पुलिस को दोनों युवकों के यमुना नदी में डूबने की सूचना मिली थी। सूचना पर एसडीएम ऊन मणि अरोरा, सीओ प्रदीप सिंह और थानाध्यक्ष झिंझाना प्रमोद कुमार सिंह फौरन मौके पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों और यमुना पर तैनात पीएसी की फ्लड यूनिय की मदद से सर्च अभियान शुरू किया गया था।

देर रात तक चला सर्च अभियान, शव बरामद
दोनों युवकों की तलाश में यमुना नदी में शुरू किया गया सर्च अभियान मंगलवार देर रात तक जारी रहा। अधिकारियों के मुताबिक सर्च आॅपरेशन में लगे गोताखोरों ने दोनों युवकों के शव यमुना नदी से बाहर निकाल लिए गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। सर्च आॅपरेशन के दौरान मृतकों के परिजन और भारी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए थे। उधर, बुधवार को गमगीन माहौल के बीच नौनांगली गांव में दोनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी और पुलिस अमला भी मौजूद रहा।

इन्होंने कहा…
झिंझाना थाना क्षेत्र में यमुना नदी में नहाते समय दो युवक गहरे पानी में डूब गए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान शुरू कराया था। देर रात तक चले सर्च आॅपरेशन के बाद शवों को यमुना नदी से बाहर निकाल लिया है। अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों मृतकों के शवों का अंतिम संस्कार भी करा दिया गया है।
-जसजीत कौर, डीएम शामली