राजकुमार राव ने कम समय में बॉलीवुड में बनाया मुकाम


सीमा मेहरा @मूवी डेक्स : बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव दमदार कलाकारों में से एक है। उन्होंने अपनी एक्टिंग के जरिए लोगों के दिलों में खास जगह बनाई।राजकुमार राव का जन्म 31 अगस्त साल 1984 को हरियाणा में हुआ था। पढ़ाई के साथ-साथ राजकुमार राव के अंदर एक्टिंग का जुनून कम नहीं हुआ। अपने इस जुनून को करियर के तौर पर चुनने का उन्होंने फैसला किया और पुणे एफटीआईआई में एडमीशन ले लिया। इसके बाद वह मुंबई में ही शिफ्ट हो गए।

फिल्मी करियर

राजकुमार राव ने अपने करियर की शुरुआत साल 2010 में आई फिल्म ‘लव सेक्स और धोखा’ से किया था। इसके बाद कभी भी इन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। एक के बाद एक कई सफल फिल्में इनके खाते में गई। साल 2013 में फिल्म ‘काय पो छे’ में हर किसी ने इनकी अदाकारी को सराहा। इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत भी थे। इसके बाद फिल्म ‘शाहिद’,’शादी में जरूर आना’, गेंग्स ऑफ वासेपुर, तलाश, क्वीन, सिटिलाइट, डॉली की डोली, शिमला मिर्ची, हमारी अधूरी कहानी, बरेली की बर्फी, न्यूटन और स्त्री जैसी फिल्मों में उन्होंने अपने अभिनय का जलवा बिखेरा।


राष्ट्रीय पुरस्कार से हुए सम्मानित

फिल्म ‘शाहिद’ को हर जगह से अच्छी प्रतिक्रिया तो मिली ही, इसके साथ ही साथ उन्हें इस फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार भी दिया गया। राजकुमार राव को फिल्म ‘काय पो छे’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक कलाकार के लिए फिल्मफेर पुरस्कार मिला। उनकी फिल्म ‘न्यूटन’ भारत की तरफ से ऑस्कर की सूची में शामिल थी।