रिया चक्रवर्ती: 10 घंटे की पूछताछ के बाद भी नहीं खत्म हुए CBI के सवाल

Spread the love

मुंबई : रिया चक्रवर्ती से शुक्रवार को दस घंटे की पूछताछ करने के बाद सीबीआई ने उन्हें फिर से तलब किया है। पिछले सप्ताह उच्चतम न्यायालय ने इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपे जाने का रास्ता साफ कर दिया था। राजपूत के पिता ने पटना में रिया और अन्य पर अभिनेता को आत्महत्या के लिए उकसाने और धन की हेराफेरी करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 34 वर्षीय अभिनेता सुशांत 14 जून को उपनगरीय बांद्रा में अपने फ्लैट में फंदे से लटके हुए मिले थे।

रिया को सीबीआई ने शुक्रवार को पहली बार पूछताछ के लिए तलब किया था। यह पूछताछ करीब 10 घंटे चली। एक अधिकारी के मुताबिक आरोपी अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती शुक्रवार को सुबह सीबीआई की पूछ-ताछ के लिए डीआरडीओ अतिथि गृह पहुंचीं। अधिकारी ने बताया कि चक्रवर्ती को शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे जांच टीम के समक्ष पेश होने के लिए एजेंसी ने तलब किया था। उन्होंने बताया कि चक्रवर्ती उपनगरीय सांता क्रूज स्थित डीआरडीओ अतिथि गृह जाने के लिए सुबह 10 बजे अपने घर से निकलीं। एजेंसी की जांच टीम यहीं रह रही है।